अशोक कुमार

झामुमो के तेरहवें रांची महाधिवेशन की सबसे बड़ी खासियत यह रही है कि 53 साल पुरानी इस क्षेत्रीय पार्टी की कमान अब हेमंत सोरेन जैसे युवा तुर्क के हाथों में पूरी तरह से सौंप दी गयी है। पार्टी के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से हेमंत सोरेन को गुरुजी की जगह अपना नया सुप्रीमो चुना है। गुरुजी की उम्र अस्सी पार हो चुकी है। उम्र के इस पड़ाव पर किसी महत्वपूर्ण दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करना मुश्किल हो रहा था। पिछले लगभग दो दशक से पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में तथा गुरुजी के राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में हेमंत सोरेन पार्टी को न केवल सुचारू रूप से संचालित करते आ रहे हैं बल्कि प्रतिकूल पस्थितियों के बीच 2019 और 2024 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को जो चुनावी सफलता दिलायी और दोबारा पार्टी को सत्तारूढ़ किया। इससे पार्टी के अंदर और बाहर उनकी नेतृत्व क्षमता का पता चल गया। पार्टी ने शायद उनके इसी गुण को देखते हुए अंतत: उनके कंधों पर यह गुरुत्तर दायित्व सौंपा है। पार्टी के लिए यह अच्छी बात कही जाएगी कि कल्पना सोरेन जैसी उनकी जीवनसाथी पार्टी का जनाधार व संगठनात्मक आधार को मजबूूत करने में हर कदम पर उनका साथ देने को तैयार हैं। हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन की सरलता, सहजता और आम कार्यकर्ताओं से मिलने जुलने जैसे गुणों के कारण पार्टी के अंदर और बाहर उनकी लोकप्रियता को चार चांद लगेगी, इसमें कोई संदेह नहीं है। गुरुजी ने राज्य बनने के पहले झारखंड अलग राज्य आंदोलन के दौरान जिस वृहत झारखंड राज्य की परिकल्पना की थी,अब उसे नये अध्यक्ष हेमंत सोरेन के नेतृत्व में पूरा करने की एक उम्मीद बढ़ी है। ओडिशा, असम, बंगाल , छत्तीसगढ़, बिहार जैसे राज्यों में पार्टी के विस्तार की उम्मीदें बढ़ी है। झामुमो आज भले क्षेत्रीय पार्टी है लेकिन भविष्य में राष्ट्रीय फलक पर इसका विस्तार होगा, इससे इंकार नहीं किया जा सकता है। इंडिया गठबंधन में झामुमो एक महत्वपूर्ण घटक दल बन चुका है। अस्सी और नब्बे के दशक में इस पार्टी का नेतृत्व शिबू सोरेन, विनोद बिहारी महतो, निर्मल महतो, सूरज मंडल और प्रो स्टीफन मरांडी जैसे नेताओं के हाथों में था। पार्टी को आगे बढ़ानेवाले युवा नेताओं में विनोद पांडेय,सुप्रियो भट्टाचार्य , बसंत सोरेन, प्रो नजरूल इस्लाम जेैसे दर्जनों नेताओं की टोली हमेशा सक्रिय दिखाई पड़ती है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को अपने उद्बोधन में बहुत ही सटिक बात कही है कि गुरुजी ने वर्षों पहले जो पौधा लगाया था आज वह बड़ा वृक्ष बन चुका है। झामुमो की नयी पीढ़ी को इस वृक्ष को सुरक्षित रखने का संकल्प लेना होगा। उनका इशारा झामुमो रूपी इस बड़े वृक्ष को अपने गैरकानूनी हथियारों से तहस नहस करनेवाले सामंती और पूंजीवादी शक्तियों से डटकर मुकाबला करने और ऐसे तत्वों को मुंहतोड़ जबाव देने की ओर था।





