पटना। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के हाउस गार्ड ने मंगलवार काे आत्महत्या कर ली है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है और छानबीन में जुटी है। मृतक अशुतोष मिश्रा है, जो हाउस गार्ड के रूप में दिलीप जायसवाल के सरकारी आवास पर तैनात था। पटना हाउस गार्ड अशुतोष मिश्रा पटना के सचिवालय थाना क्षेत्र स्थित एमएलसी फ्लैट कैंपस में स्थित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के सरकारी आवास पर तैनात था। अशुतोष मिश्रा ने अपनी लाइसेंसी हथियार से खुद को गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई है। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता अभी तक नहीं चल पाया है।






