चितरंजन: चित्तरंजन में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना सामने आई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह वारदात रात करीब 8:15 बजे स्ट्रीट नंबर 28 स्थित क्वार्टर नंबर 46/2डी में घटी, जहां 56 वर्षीय संचिता चौधरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। संचिता चौधरी, जो चित्तरंजन रेल इंजन कारखाने के कर्मचारी प्रदीप चौधरी की पत्नी थीं, अपने घर में मृत पाई गईं। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस, एसीपी कुल्टी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। इलाके में भय और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया ताकि महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा सकें। रात 9:30 बजे तक शव को हटाया नहीं गया था। प्रारंभिक जांच के अनुसार, हत्या धारदार हथियार से की गई प्रतीत होती है। हालांकि, हत्या के पीछे की मंशा स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना के वक्त संचिता चौधरी घर में अकेली थीं, और उनके पति के लौटने पर ही वारदात का पता चला। उन्होंने तुरंत पुलिस और स्थानीय निवासियों को सूचना दी। पुलिस विभिन्न कोणों से मामले की पड़ताल कर रही है और जल्द ही रहस्य से पर्दा उठाने का दावा कर रही है। वारदात के बाद से इलाके के लोग डरे हुए हैं और अपराधी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।





