नाली निर्माण में बोल्डर और चिप्स डस्ट का उपयोग करने का मामला उजागर होने के बाद बीडीओ ने दिए जांच के आदेश
श्रीराम भगत
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । प्रखंड क्षेत्र के सिंगारसी पंचायत अंतर्गत मोरियो गांव में 15वें वित्त आयोग से बन रहे नाली में गोल बोल्डर सहित चिप्स डस्ट का उपयोग करने का मामला उजागर होने के बाद योजना में लीपापोती करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। दरअसल दो लाख की अधिक की प्राक्कलित राशि से मोरियो गांव में जिस स्थान पर घटिया किस्म की निर्माण सामग्री से नाले का निर्माण बीते शुक्रवार को जारी था। वहीं शनिवार को मामला उजागर होने के बाद निर्माण स्थान को बोल्डर और मिट्टी से भरा जा रहा था। निर्माणाधीन नाले को बोल्डर और मिट्टी से भरने में आधा दर्जन से अधिक मजदूर लगे हुए था। यह अपने आप में बड़ा सवाल है कि आखिर योजना में अनियमितता का मामला सामने आने के बाद किसके इशारे पर ऐसा किया गया। इधर शनिवार को मोरियो गांव के ग्रामीण निर्माणाधीन नाले का निर्माण बंद कर उक्त स्थान को मिट्टी भरे जाने से अचंभित दिखे। बीते शुक्रवार को नाली निर्माण में अनियमितता को लेकर संताल एक्सप्रेस में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी।

क्या कहते हैं ग्रामीण :– ग्राम प्रधान सिकंदर किस्कू, मुंशी मुर्मू, लखीराम टुडू, विनोद किस्कू व सुनिराम सोरेन ने बताया कि नाली का निर्माण होने से ग्रामीणों को पानी निकासी में सुविधा होती। लेकिन इसके निर्माण में गोल बोल्डर व डस्ट का उपयोग करने सहित प्राक्कलन के अनुरूप कार्य नहीं किया जा रहा था जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया था। इसके बाद शनिवार को हमलोगों ने देखा कि गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के जगह पर उक्त स्थान पर नाली निर्माण कार्य रोककर उसे बोल्डर और मिट्टी से भर दिया गया। वहीं जब इस संबंध में संबंधित पंचायत सचिव नारद मंडल से दूरभाष पर जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
क्या कहते हैं बीडीओ :- इस संबंध में बीडीओ श्रीमान मरांडी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जेई को जांच करने का निर्देश दिया गया है। एक दो दिनों में जांच पूरी की जाएगी।





