मामा घर जाने की बात कह कर निकली थी नाबालिग
दुमका ब्यूरो

दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के दिगलपहाड़ी गांव में दिन शुक्रवार को चंदन टुडू ने 17 वर्षीय पत्नी लुतिका हांसदा की हत्या करने के बाद एक आंख निकालकर शव को असना नदी के किनारे फेंक दिया। शनिवार को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया। परिजनों द्वारा बताया जा रहा है कि मामा घर जाने की बात कह कर निकली नाबालिग का शव अपने मामा घर से महज 500 मीटर की दूरी पर शिकारीपाड़ा थाना अंतर्गत आसना नदी के पास मिला। आरोप है कि हत्यारा नाबालिक का पति हैं । कहा जा रहा है कि पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसकी एक आंख को निकाल फेका है। घटना को अंजाम देने के बाद पति चंदन टुडू फरार बताया जा रहा है। शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस ने मृतका की मां के बयान पर युवक के विरुद्ध हत्या की प्राथमिक की दर्ज की है। मृतका लुतिका हांदसा के मामा राम हेंब्रम का कहना है कि उसकी भांजी ने रानेश्वर थाना क्षेत्र के दिग्गल पहाड़ी गांव के युवक चंदन टुडू के साथ छह माह पहले ही प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ ही दिनों के बाद उसकी भांजी मायके शिकारीपाड़ा के बाकीजोड़ में रहने लगी थी। बताया जाता है कि दोनों के बीच कुछ विवाद हुआ था। शुक्रवार की सुबह में वह अचानक घर से निकल गई और वापस लौटकर नहीं आई। परिजनों ने युवती की कई जगहों पर खोजबीन की, पर वह नहीं मिली। दूसरे दिन शनिवार की सुबह में पता चला कि युवती की लाश नदी के किनारे पड़ी है। घटना की खबर मिलने पर परिजन दौड़े भागे नदी के पास पहुंचे और शव की पहचान की। परिवार वालों ने तुरंत युवती के पति को भी फोन कर घटना की जानकारी दी, पर वह घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। घटना के बाद से वह फरार बताया जा रहे हैं। मृतका के बड़े पापा सुनील हांसदा ने बताया कि लुतिका के पिता की काफी दिन से तबीयत खराब चल रही है। गुरुवार को घर आने के बाद भी काफी पूछने पर कुछ नहीं बताया। शुक्रवार की सुबह सात बजे अचानक घर से निकलकर भागने लगी। मौसी ने पीछा किया, लेकिन पकड़ नहीं सकी। दोपहर 11 बजे दामाद चंदन ने सास लुखी मुर्मू को फोन कर बताया कि उसकी बेटी ने जहर खा लिया है और असना नदी के पास पड़ी हुई है। शिकारीपाड़ा के थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने कहा कि प्रथम दृष्टया में यह मामला हत्या का लग रहा है। पुलिस अनुसंधान में जुट गई है।





