देवघर। जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र अन्तर्गत दोंदीया गांव के पिपरासोल टोला में शुक्रवार को तीन बच्चे की हत्या करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। दर्ज प्राथमिकी में गांव के रीतलाल महतो, मनोज यादव समेत कुल 15 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। आरोप है कि आरोपियों ने बदले की भावना से बच्चों की हत्या कर साक्ष्य को छिपाने की नीयत से शव को गांव बगल अवस्थित डोभा में फेंक दिया था। मालूम हो कि 5 दिन पूर्व मृतक बच्चे के परिजनों को गांव के नामजद अभियुक्तों ने मारपीट कर जख्मी कर दिया था। घटना के एक दिन पूर्व उन्हें जान मारने की धमकी दी थी। धमकी के कुछ ही घंटे बाद उनके घर के तीन बच्चे गायब हो गए। काफी खोजबीन की पर पता नहीं चला। गांव बगल स्थित डोभा में एक बच्चे का शव पानी के ऊपर तैर रहा था। इसके बाद पुलिस ने उस डोभा से अन्य दो बच्चे के शव को भी बरामद किया था। घटना के बाद टोला में शुक्रवार को काफी तनाव पैदा हो गया । पुलिस को काफी मशक्कत करने के बाद पोस्टमार्टम हेतु शव को देवघर ले जाना पड़ा था। उधर मामला दर्ज होते ही पुलिस रेस में आ गई। आरोपियों के धर पकड़ के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।
पुलिस अभिरक्षा में शव को दफनाया गया:
शनिवार को पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में पिपरासोल में मृतक तीनों बच्चे के शव को दफनाया गाया। सगे भाई दीपक यादव व शिवम को एक साथ व दिवाकर यादव को दूसरे गड्डे में दफनाया गया। पुलिस ने गड्ढा खोदने के लिए जेसीबी मशीन साथ लेके गई थी।


