राज्य की विधि व्यवस्था ध्वस्त, अपराधी मस्त: बाबूलाल
रांची । भाजपा नेता अनिल टाइगर की अपराधियों के जरिये किये गये दिनदहाड़े हत्या को लेकर भाजपा ने 27 मार्च को रांची बंद का आह्वान किया है। भाजपा रांची ग्रामीण जिला महामंत्री और पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर की अपराधियों की ओर से गोली मारकर हत्या किए जाने से स्तब्ध हूं। उन्होंने कहा कि अपराधी बेखौफ होकर जनप्रतिनिधियों पर हमला कर रहे हैं। प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जहां न जनप्रतिनिधि सुरक्षित हैं और न ही आम नागरिक। उन्होंने कहा कि पुलिस के आफिसर्स जब ज़मीन का धंधा करेंगे और करवायेंगे , ज़मीन दलालों को संरक्षण देंगे तो ऐसी घटनाएं तो होंगी ही। इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। घटना की सूचना मिलते ही मरांडी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह रिम्स पहुंचे तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि पूरा भाजपा परिवार अनिल टाइगर के परिजनों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी केलिए अपूरणीय क्षति है।पार्टी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता को खोया है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से लगातार भाजपा के कार्यकर्ता अपराधियों के निशाने पर हैं । हेमंत है तो अपराधियों को हिम्मत है जैसी बात चरितार्थ हो रही है।

भाजपा ने27 मार्च को बुलाया रांची बंद
प्रदेश भाजपा ने कल, 27 मार्च को बढ़ते अपराध एवं ध्वस्त विधि व्यवस्था के खिलाफ रांची बंद बुलाया है। भाजपा ने आम नागरिक, व्यापारी वर्ग, राज्य के बुद्धिजीवी वर्ग, सभी से ध्वस्त विधि व्यवस्था के खिलाफ बंद को पूर्ण समर्थन देने का आह्वान किया है। अनिल टाइगर के असामयिक निधन पर प्रदेश भाजपा के नेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया है। शोक प्रकट करने वालों में कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू, डॉ प्रदीप वर्मा मनोज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, विकास प्रीतम, भानु प्रताप शाही, नीलकंठ सिंह मुंडा, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह आदि शामिल हैं।
——————————————————————————
सुदेश ने हत्या पर जताई चिंता
रांची । पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर की नृशंस हत्या के विरोध में आजसू पार्टी ने गुरुवार को रांची बंद का आह्वान किया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय महतो ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि अनिल टाइगर ने राजनीतिक जीवन की शुरुआत आजसू से की थी और आजसू के जिलाध्यक्ष रह चुके थे। अनिल टाइगर की हत्या की सूचना पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, प्रवीण प्रभाकर सहित पूर्व कुलपति डॉ यूसी मेहता, जिलाध्यक्ष संजय महतो, बनमाली मंडल, दीपक महतो, संजय मेहता, हरीश कुमार सहित कई नेता और कार्यकर्ता रिम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और हत्या की कड़ी निंदा की।
राज्य में कानून–व्यवस्था ध्वस्त : सुदेश
पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो ने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और राज्य अपराधियों–माफिया के हवाले है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार को आमजन के जान माल की कोई चिंता नहीं है। जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता का भगवान ही मालिक है। सुदेश महतो ने दिवंगत अनिल टाइगर की पत्नी, पुत्र और परिजनों को ढांढ़स बंधाया। वहीं आजसू के वरिष्ठ नेता प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि अनिल टाइगर एक सक्रिय उभरते नेता थे और उनकी हत्या एक साजिश के तहत की गई है, जिसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए। राज्य सरकार अपराधियों पर काबू पाने फेल साबित हुई है। आजसू के मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने कहा कि राज्य में अब कोई भी सुरक्षित नहीं है। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि कांके थाना से थोड़ी दूर पर अपराधी एक राजनीतिज्ञ की हत्या कर दी रही है।





