रांची । झारखंड भाजपा में सांगठनिक चुनाव के बाद अप्रैल मध्य तक नया प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया जाएगा। राज्य के भाजपा नेताओं के मुताबिक, सांगठनिक चुनाव में देरी हो जाने की वजह से राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पहले हो जाएगा। भाजपा के संविधान के मुताबिक, कम से कम 12 सांगठनिक राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव लंबित है। केरल भाजपा ने भी पूर्व मंत्री राजीव चंद्रशेखर को अध्यक्ष चुना है।

एक दो अन्य राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के बाद तत्काल ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हो जाएगा। राज्य में भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को दी है। आदिवासी समाज से आने वाले बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद तय है कि प्रदेश अध्यक्ष की कमान किसी समान्य या ओबीसी समाज से आने वाले नेता को मिलेगी। वर्तमान में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल और पार्टी के महामंत्री व राज्यसभा सांसद आदित्य साहू का नाम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की रेस में आगे है। वहीं, भाजपा कुछ नए चेहरों को भी राज्य का दायित्व सौंप सकती है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और अर्जुन मुंडा को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की टीम में शामिल किया जा सकता है।





