विधानसभा में प्रदीप प्रसाद ने उठाया मामला, शिक्षा मंत्री ने जिला स्तर पर कमेटी गठित करने की घोषणा की
रांची । बजट सत्र के 18वें दिन सदन में विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने प्राइवेट स्कूलों में मनमाने ढंग से फीस वसूली के अलावा रीएडमिशन के नाम पर प्रत्येक बर्ष राशि वसूलने तथा अन्य विसंगतियों को दूर करने के लिए सरकार को कानून बनाने का नियमन दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ताकि विद्यार्थियों-अभिभावकों का शोषण नहीं हो। वहीं मामले में स्कूली शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने आश्वासन दिया कि जिला स्तर पर उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित कमिटियां प्राइवेट स्कूलों की विसंगतियों की अनुशंसा करे। राज्य सरकार निश्चित रूप से कानून बनायेगी। इस बिषय को हजारीबाग के भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद ने अल्पसूचित प्रश्न के जरिये उठाया और प्राइवेट स्कूलों की मनमानी रोकने का सरकार से आग्रह किया। जिस पर स्कूली शिक्षामंत्री सोरेन ने कहा कि रीएडमिशन के नाम प्राइवेट स्कूल राशि नहीं वसूल सकती है। यदि किसी विद्याालय द्वारा राशि वसूली जाती है, तो उपायुक्त कार्रवाई करे। जिला स्तर पर गठित कमिटियों को कार्रवाई करने की शक्ति दी गई है। गठित कमिटियों को लेकर गजट भी प्रकाशित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही राज्य के सभी सदस्यों व जिलों के उपायुक्तों को गजट अधिसूचना की कॉपी भेज दी जायेगी। मामले में प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जिला स्तर पर गठित कमिटियों की उपायुक्तों द्वारा बैठकें नहीं की जाती है और कभी बैठकें होती भी है, तो एक दिन पहले इसकी सूचना दी जाती है। इसपर शिक्षामंत्री ने कहा कि कम से कम एक सप्ताह पहले सदस्यों को सूचना देने के लिए सभी उपायुक्तो को निर्देश जारी कर दिया जायेगा। वहीं जेएलकेएम विधायक जयराम कुमार महतो एवं कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने अलग-अलग सवाल उठाते हुए कहा कि आउटसोर्सिंग एजेंसियों द्वारा कर्मियों की नियुक्ति में आरक्षण का पालन नहीं किया जाता है।

एजेंसियां सरकार से मोटी रकम वसूलती है। लेकिन कर्मियों का शोषण किया जाता है। उन्हें मानदेय में कटौती कर राशि दी जाती है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि एजेंसियों के नियोक्ता जैप आईटी द्वारा राज्य के बाहर की बड़ी-बड़ी आउटसोर्सिंग एजेंसियों को काम आवंटित की जाती है और जैप आईटी जमींदार की तरह बैठा रहता है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि जिला स्तर पर राज्य के छोटी-छोटी एजेंसियों को आउटसोर्सिंग के काम दिए जांय। इस पर प्रभारी मंत्री रामदास सोरेन ने जबाब देते हुए कहा कि सभी उपायुक्तों से एजेंसियों के क्रियाकलापों को लेकर एक माह के अंदर जांच कराकर रिपोर्ट मंगायेंगे तथा शर्तों का उल्लंघन करने वाले एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर छोटी-छोटी एजेंसियों को काम देने के लिए नीति बनाने पर सरकार विचार करेगी। वहीं प्रदीप यादव ने ध्यानाकर्षण सूचना के जरिये तमिलनाडू के तर्ज पर झारखंड में भी 50 प्रतिशत की आरक्षण सीमा को बढा़कर पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री से मुलाकात कर संसद के माध्यम से कानून बनाने का आग्रह करे। उन्होंने उच्च शिक्षा में एडमिशन के लिए एसटी-एससी व ओबीसी को आरक्षण देने और पिछड़ा वर्ग के लिए अलग मंत्रालय के गठन की भी मांग की। इसपर प्रभारी मंत्री दीपक बिरूआ ने जबाब देते हुए कहा कि मामले में राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री से प्रतिनिधिमंडल के मिलने के बिषय पर सरकार विचार करेगी। जबकि मंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा में एडमिशन के लिए आरक्षण दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके अनुपालन को लेकर सरकार जांच करायेगी।
वहीं प्रभारी मंत्री ने अलग पिछड़ा वर्ग मंत्रालय की मांग को खारिज कर दिया। धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा ने ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से सवाल उठाते हुए कहा कि धनबाद के उपायुक्त ने जिला अवर निबंधक संतोष कुमार, सहायक निबंधन महानिरीक्षक श्वेता कुमारी एवं तत्कालीन अवर निबंधक सुजीत कुमार तथा जिला अवर निबंधक चाईबासा अशोक कुमार सिन्हा के अलावा जमशेदपुर के उपायुक्त ने अवर निबंधक जमशेदपुर के रामकुमार मधेशिया एवं हजारीबाग के उपायुक्त ने जिला अवर निबंधक राजेश एक्का के विरूध्द विभागीय कार्यवाही शुरू करने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा भी कई अन्य निबंधन सेवा के पदाधिकारियों के विरूद्ध गंभीर आरोप गठित होने के बावजूद सरकार द्वारा उक्त पदाधिकारियों पर आवश्यक कार्रवाई नहीं किया गया है तथा उक्त सभी पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों पर पदस्थापित कर कार्य कराया जा रहा है। जबकि उन पदाधिकारियों से सरकार को लगभग सौ करोड़ से अधिक की राजस्व की हानि हुई है। जो उच्च स्तरीय जांच का विषय है। विधायक ने सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। इस पर प्रभारी मंत्री रामदास सोरेन ने उपायुक्तों से रिपोर्ट मंगाकर 15 दिनों के अंदर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। जबकि संसदीय कार्य सह वित मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि हेमंत सरकार भ्रष्टाचार के मुद्ये पर जीरो टॉलरेंस के साथ काम कर रही है।
वहीं ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से झामुमो के वरिष्ठ विधायक मथुरा प्रसाद महतो एवं हेमलाल मुर्मू ने झारखंड आंदोलनकारियों को उत्तराखंड के तर्ज पर पेंशन और नौकरियों में आरक्षण देने की मांग की। उन्होंने कहा कि आंदोलन के क्रम में चार्जशीटेड आंदोलनकारियों को भी सुविधा मिलनी चाहिए। जिसपर सरकार की ओर से उत्तर देते हुए प्रभारी मंत्री दीपक बिरूआ ने कहा कि मामले में समीक्षा के उपरांत निर्णय लिया जायेगा। इधर भोजनावकाश के बाद दूसरी पाली में श्रम, नियोजन, कौशल विकास व उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने झारखण्ड कारखाना संशोधन विधेयक-2025 तथा वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने झारखंड माल और सेवाकर संशोधन विधेयक-2025 सदन में पेश किया। जिसे सदन में ध्वनिमत से पारित किया गया। कारखाना संशोधन विधेयक में किसी कारखाना या प्रतिष्ठान में नियोजित महिला श्रमिकों को उनकी सहमति से रात 7 बजे से सुबह 6 बजे तक की अवधि में भी डयूटी देने का प्रावधान किया गया है। जबकि माल और सेवाकर संशोधन विधेयक को जीएसटी कौंसिल के सिफाारिश पर संशोधित किया गया है। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो सदन की कार्यवाही बुधवार पूर्वाहन ग्यारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी।





