दुमका। 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. बिमल प्रसाद सिंह ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के समक्ष ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण से पूर्व उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित वीर शाहिद स्वतंत्रता सेनानी सिदो-कान्हू मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, जिसके बाद उन्होंने एनसीसी परेड का निरीक्षण कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में आजादी के नायक-नायिकाओं को याद करते हुए कहा कि यह दिन हमें हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और अथक परिश्रम की याद दिलाता है, जिन्होंने हमें आजादी का तोहफा दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र के विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, हमें गर्व है कि सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय संथाल परगना क्षेत्र में ऐसी गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जो न केवल छात्रों को ज्ञान प्रदान करती है बल्कि उन्हें समाज का जिम्मेदार और जागरूक नागरिक भी बनाती है। उन्होंने कहा कि आज जब हम आजादी का जश्न मना रहे हैं, तो हमारा कर्तव्य है कि हम अपने शिक्षण संस्थानों को सशक्त बनाएं और छात्रों को उनके लक्ष्य के प्रति प्रेरित करें। हमें अपने जीवन में आत्मनिर्भरता, एकता और सद्भाव की भावना को विकसित करना होगा ताकि हम एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत का निर्माण कर सकें। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा, आइए हम सब मिलकर अपने देश की समृद्धि और विकास के लिए कड़ी मेहनत करें और अपने स्वतंत्रता सेनानियों की उम्मीदों पर खरा उतरें। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सभी अधिकारीगण, प्राध्यापकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारीगण एवं विद्यार्थीगण आदि उपस्थित थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


