चंदन मिश्र
झारखंड विधानसभा कई मायनों में नया – नया रिकॉर्ड बनाती रही है। 2025 के मार्च महीने के पहले सप्ताह में भाजपा विधायकों ने अपना नेता चुन लिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज धनवार के विधायक बाबूलाल मरांडी जल्द ही विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी में बैठेंगे। हालांकि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को विधायकों का नेता निर्वाचित करवाने में दिसंबर से मार्च का महीना लग गया। लेकिन देर आयद – दुरुस्त आयद, पार्टी विधायकों ने अपना नेता चुनकर यह काम पूरा कर लिया। भाजपा को अब नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश होगी।
याद कीजिए 2019 से 2023 के झारखंड विधानसभा का कार्यकाल। इतने लंबे कालखंड तक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी खाली रही। भाजपा विधायकों ने अपने नेता के रूप में बाबूलाल मरांडी को चुना, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष रबिंद्र नाथ महतो ने आखिर दम तक उन्हें नेता प्रतिपक्ष की मान्यता देने से इनकार कर दिया। इसके उलट दल बदल का मामला डालकर उनकी सदस्यता को लटकाए रखा। और तो और इस दौरान स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने भाजपा विधायक बाबूलाल मरांडी को सदन में एक शब्द बोलने तक नहीं दिया।
बाबूलाल मरांडी इस बार भाजपा के टिकट से राजधनवार की सीट से जीतकर आए हैं। भाजपा विधायकों ने सर्वसम्मति से उन्हें अपना नेता चुन लिया है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष रबिंद्र राय ने बाबूलाल मरांडी के नेता चुने जाने के बाद दोनों केंद्रीय पर्यवेक्षकों के हस्ताक्षरित पत्र विधानसभा अध्यक्ष रबिंद्र नाथ महतो को गुरुवार देर शाम तक हस्तगत करा दिया। उम्मीद है कि शुक्रवार को विधानसभा से इस आशय की अधिसूचना जारी हो जाएगी और बाबूलाल मरांडी नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी पर भी बिराजेंगे।
बाबूलाल मरांडी को विधायक दल नेता चुनकर भाजपा नेतृत्व ने झारखंड का एक चैप्टर पूरा कर लिया। बाबूलाल मरांडी नया प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव होने के बाद अध्यक्ष का पद छोड़ देंगे। भाजपा नेतृत्व नए प्रदेश के चुनाव की कवायद शुरू कर चुकी है। विधायक दल का नेता आदिवासी होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष गैर आदिवासी समुदाय से होगा, यह बिल्कुल तय है। भाजपा अपने सोशल इंजीनियरिंग के तय फार्मूले के तहत ओबीसी या सवर्ण को नया अध्यक्ष बनाना चाहेगी। झारखंड में कुर्मी सबसे बड़ा वोट बैंक है और भाजपा इस फ्रंट पर अब तक आजसू पार्टी पर निर्भर रही है। लेकिन विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा का यह आधार और विश्वास भी बिखर गया। जयराम महतो ने कुर्मी वोट बैंक पर जबरदस्त सेंधमारी कर भाजपा और आजसू पार्टी को इस बार परास्त कर दिया। विधानसभा चुनाव में भाजपा और आजसू पार्टी को झामुमो और कांग्रेस से ज्यादा जयराम महतो की पार्टी ने नुकसान पहुंचाया है। भाजपा इस फ्रंट पर मजबूती लाने के लिए कुछ नया सोच सकती है। संभव है कि कोई नया चेहरा इस पद पर बैठा सकती है। वैसे बाबूलाल मरांडी को विधायक दल का नेता चुनकर भाजपा ने एक बड़ा दांव खेला है। बाबूलाल मरांडी सत्ताधारी झामुमो पर लगातार हमलावर रहे हैं और अगले पांच साल तक सदन के अंदर और बाहर कड़े तेवर के साथ पेश आयेंगे, इसमें कोई संदेह नहीं है। देखना है कि अब झारखंड की राजनीति किस करवट बैठती है।





