जामताड़ा : राजद के पूर्व जिला अध्यक्ष भोला यादव के पुत्र विनय यादव को दिनदहाड़े अज्ञात अपराधियों ने मारी गोली। घटना के बाद गंभीर अवस्था में पहुंचाया गया अस्पताल जहां से बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। मिहिजाम शहर के व्यवसायी कानगोई निवासी विनय कुमार यादव को दिन दहाड़े विश्वकर्मा मंदिर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 419 पर अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने पीछे से फिल्मी अंदाज में कमर के पास गोली मार दी और फरार हो गए। घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए साथ ही उपस्थित लोगों के द्वारा मिहिजाम पुलिस को सूचना दिया गया। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। देखते ही देखते घटनास्थल छावनी में तब्दील हो गया। घायल को चिरेका के केजी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों के द्वारा प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया।
दोपहर करीब 2 बजे के आस विनय यादव अपने घर की ओर बुलेट से जा रहा था। तभी अचानक पीछे से मोटरसाइकिल सवार युवकों ने कमर पर गोली मार दी।
फॉरेंसिक टीम द्वारा सड़क पर पड़े खून को संग्रह कर जांच के लिए भेजा गया। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास के निजी घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों की पहचान हो सके। थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे ने बताया कि शक के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा। इस घटना से पीड़ित के परिवार में दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना का निश्चित कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।





