बजट विश्लेषण
चंदन मिश्र

राज्य की हेमंत सोरेन की नई सरकार ने आज वित्तीय वर्ष 2025- 26 के लिए अपना पहला बजट प्रस्तुत किया है। सरकार का बजट महज आंकड़ों की कलाबाजी नहीं होता है, यह जनता के लिए प्राथमिकताओं का प्रतिबिंब और सरकार की नीतियों का दस्तावेज होता है। झारखंड बजट 2025-26 के दस्तावेज़ में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने झारखंड की आर्थिक संरचना को एक नया स्वरूप दिया है। राज्य के बजट में झारखंड की आर्थिक आत्मनिर्भरता, जल संसाधन सुधार, कृषि के आधुनिकीकरण, महिला सशक्तिकरण, औद्योगिक विकास और राजस्व सुधार को रेखांकित किया गया है। यह बजट झारखंड की आर्थिक चुनौतियों का सही समाधान करने में कितना सक्षम होगा इसका आकलन अगले वर्ष की शुरुआत में ही पता चलेगा। बजट में वित्त मंत्री ने सबसे अधिक जोर जल संसाधन, कृषि, महिला सशक्तिकरण, औद्योगिक और राजस्व सुधार में दिया है। जल संसाधन और सिंचाई विभाग के बजट में एक संकल्प, जो बजट में आकार लेता दिख रहा है। झारखंड को सूखा-प्रभावित क्षेत्रों से निकालकर जल-समृद्ध राज्य बनाने का संकल्प दृष्टिगत होता है। इसमें जल संसाधन और सिंचाई पर विशेष ध्यान दिया गया है। जल संसाधन प्रबंधन और सिंचाई प्रबंधन के लिए ?3,500 करोड़ का आवंटन किया गया है। 50 नई सिंचाई परियोजनाओं का प्रस्ताव किया गया है, जिससे किसान सालभर खेती कर सकें। नदी जोड़ो परियोजना को गति देने का निर्णय लिया गया है, जिससे सूखा प्रभावित इलाकों को राहत मिलेगी। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कृषि और किसान हित का भी बजट में विशेष ध्यान रखा है। बजट 2025-26 में कृषि सुधारों की झलक देखी जा सकती है। चार लाख किसानों के ?2 लाख तक के ऋण माफ करने का प्रस्ताव रखा गया है। महिला सशक्तिकरण योजना हेमंत सरकार की सबसे अहम योजनाओं में शुमार है। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने महिला सशक्तिकरण को सरकार के बजट और नीति के केंद्र में रखा है। बजट में महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। मंईयां सम्मान योजना के लिए 13,363.35 करोड़ का बजट का प्रावधान कर हेमंत सरकार ने अपनी मंशा साफ कर दी है कि चुनाव में जो वादा किया था, उसे सरकार हर हाल में पूरा करेगी। स्वरोजगार और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं का प्रावधान किया गया है। गरीब महिलाओं के लिए विशेष सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ बजट में शामिल की गई है। हेमंत सोरेन सरकार ने बजट और नीति में राजस्व सुधार पर खासा जोर दिया है। आत्मनिर्भर झारखंड की ओर यह एक बढ़ता कदम है। बजट में इसे ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। सरकार ने इसे बेहतर करने की योजना बनाई है। भू-राजस्व वसूली को डिजिटल किया जाएगा, जिससे भ्रष्टाचार कम होने का दावा किया गया है।
बजट में विशेष
7 मेडिकल कॉलेज, 3 यूनिवर्सिटी और 5 बिजनेस स्कूल वित्त मंत्री ने एक लाख 45 हजार 400 करोड़ का वार्षिक बजट पेश किया। बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सहित झारखंड वासियों के लिए भी कई बड़े एलान किए गए हैं। बाल बजट का प्रस्ताव वित्त मंत्री ने बाल बजट का भी एलान किया है। इसके लिए 9411.27 करोड़ का प्रावधान किया गया है। रांची सहित खूंटी, गिरिडीह, जमशेदपुर, धनबाद, देवघर और जामताड़ा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना होगी। जमशेदपुर, गुमला तथा साहिबगंज में नए विश्वविद्यालय की स्थापना होगी। पंचायती राज के लिए 2144 करोड़ 78 लाख 14 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है। टीएसी की तर्ज पर अनुसूचित जाति के लिए परामर्शदात्री समिति की स्थापना होगी। यह राज्य में एक नया कदम है। इसके लाभ हानि की समीक्षा होना बाकी है।





