एक पखवारे तक भोलेनाथ के शयन हेतु गर्भगृह में लगा पलंग
जरमुंडी । महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर बाबा बासुकीनाथ मंदिर में भोलेनाथ के रात्रिविश्राम हेतु बिछावन लगाया गया है। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। परंपरा के अनुसार बाबा बासुकीनाथ के विश्राम करने के लिए मंदिर के गर्भ गृह में महाशिवरात्रि से पलंग और बिछावन लगा दिया गया है। यह पलंग और बिछावन आगामी फाल्गुन पूर्णिमा तक लगा रहेगा। लोकपरंपरा और मान्यतानुसार महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर बाबा बासुकीनाथ और मैया पार्वती का धूमधाम से विवाह कराया जाता है।शिवविवाह के पश्चात घूंघट और मर्याद की रस्म के बाद भोलेनाथ और मैया की विदाई होती है।नगर परिक्रमा के बाद बाबा और मैया मंदिर प्रांगण में बनाए गए कोहबर में एक पक्ष के लिए संग निवास करने जाते है। इसी उपलक्ष्य पर शिव शक्ति के रात्रि विश्राम हेतु प्रधान बाबा मंदिर में पलंग और बिछावन लगाया जाता है। मान्यता है कि बाबा एवं मैया पार्वती कुल 15 दिनों तक कोहबर में ही रहेंगे और होली पूर्णिमा पर अपने अपने निज मंदिर लौटते हैं। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है।






