देवघर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में बुधवार की शाम भव्य शिव बारात निकाली गई। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में एक बैद्यनाथ धाम में इस आयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केकेएन स्टेडियम से किया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने शिव बारात को रवाना किया और श्रद्धालुओं के बीच उमंग और भक्ति का संचार किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का संबोधन इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “यह सिर्फ शिव बारात नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिकता का एक विराट संगम है। इस आयोजन के माध्यम से हम देवघर को देश और दुनिया के धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।

आने वाले समय में बाबा बैद्यनाथ धाम को और भव्य रूप देने पर सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार महाशिवरात्रि महोत्सव को व्यापक रूप देने के लिए लगातार प्रयासरत है और आने वाले वर्षों में यह आयोजन और भी बड़े पैमाने पर किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ पर्यटन मंत्री सुदिव्य सोनू, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडेय, पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, विधायक सुरेश पासवान, और जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। इसके अलावा, संताल परगना के आयुक्त लालचंद डांडेल, डीआईजी क्रांति कुमार, अंबर लकड़ा, डीसी विशाल सागर, और एसपी अजीत पीटर डंगडुंग भी आयोजन में शामिल हुए।





