शिवरात्रि के दौरान झंडा और लाउडस्पीकर लगाने को लेकर हुआ था विवाद
हजारीबाग । हजारीबाग के इचाक प्रखंड में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में दर्जन भर लोग घायल हो गए हैं।वहीं आधा दर्जन से अधिक बाइक जला दी गई है।घटना की जानकारी मिलते ही तीन थानों की पुलिस गांव में कैंप कर रही है, दोनों ओर से स्थिति तनावपूर्ण बनी है।प्रशिक्षु आईएएस सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, प्रशिक्षु आईपीएस श्रुति अग्रवाल सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इचाक प्रखंड के पदाधिकारी तथा भारी संख्या में पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंचे।स्थिति तनावपूर्ण है लेकिन नियंत्रण में है।घटना को लेकर बताया जा रहा कि बुधवार की सुबह भारत चौक पर महाशिवरात्रि का भगवा पताका और लाउडस्पीकर लगाने को लेकर विवाद हुआ।जिसके बाद उपद्रवियों ने गुस्से में मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया।फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है, पुलिस स्थिति को शांत कराने में जुटी है।जिला प्रशासन ने आमलोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है। घटना को लेकर राजनीतिक बयान बाजी भी शुरू हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा है कि बीजेपी और आरएसएस गैंग को राज्य में अमन चैन बर्दाश्त नहीं हो रहा है। इस तरह की घटना को अंजाम देकर गैंग के लोग आपस में समाज को बताते हैं और नफरत फैलाने का काम करते हैं। सरकार की ओर से इस तरह के बयान आने के बाद झारखंड की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा की ओर से भी बयान आना स्वभाविक था। रांची के सांसद और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि राज्य ऐसी स्थितियां बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण हो रही है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण राज्य में विधि व्यवस्था और अमन चैन पर खतरा सामने आ रहा है लेकिन इस मामले में सरकार चुप्पी साधे हुए हैं। संजय सेठ ने कहा कि झारखंड में बार-बार सनातनी पर्व और सनातन को मानने वालों को टारगेट किया जा रहा है।






