भागलपुर । एक और भागलपुर शहर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर हाई अलर्ट मोड पर था। वहीं दूसरी ओर, रात 10:00 बजे शहर में मर्डर हो गया। मामला टीएनबी कॉलेज परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर का है। जहां प्रभु नारायण मंडल (40) को सरकारी क्वार्टर में घुसकर सीने में गोली मार दी गई।
मृतक पिता स्वर्गीय रूप नारायण मंडल मूलरूप से नसरतखानी का रहने वाला था। साथ ही टीएनबी कॉलेज में तृतीय वर्गीय कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। मृतक सद्भावना कप में पूर्व भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ क्रिकेट खेल चुका था।
वहीं, घटना स्थल पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शी ने टीएनबी कॉलेज के कर्मचारी शंभू नाथ झा के बेटे संजीव झा पर हत्या का आरोप लगाया है।
वहीं, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभु नारायण चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी भी नहीं हुई थी।
घटनास्थल पर कमरे में मौजूद मृतक प्रभु नारायण मंडल के दोस्त ने बताया कि भारत पाकिस्तान के मैच खत्म होने के बाद हम लोग मैच पर ही चर्चा कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि हमलोग हर दिन साथ में ही बैठते थे। इसी बीच पास के ही रहने वाले संजीव झा कमरे में पहुंचा और जेब से पिस्टल निकालकर प्रभु के सीने में गोली मारकर फरार हो गया।
सत्यम ने बताया कि जब तक मैं कुछ समझ पाता तब तक प्रभु छटपटाने लगा। मैं प्रभु को वहां से घसीटते हुए पहले बाहर लाया फिर अन्य लोगों को फोन कर उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन मैं अपने दोस्त को नहीं बचा पाया। वहीं, प्रभु के पास के ही रहने वाले भतीजे ने बताया कि प्रभु नारायण मंडल जिला स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी था।






