कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री व आईआईटियन बाबा पर भी कसा तंज
पटना । लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और आरजेडी विधायक तेज प्रताप यादव ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में शामिल होने का ऑफर दिया है और कहा कि वह यंग यानी जवान हैं, उन्हें राजनीति में आना चाहिए। वहीं तेज प्रताप ने बिहार में पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर कहा कि उनके आने से क्या फायदा होगा। कई बार पीएम मोदी, अमित शाह बिहार आ चुके हैं और सौगात दे चुके हैं, लेकिन उससे बिहार को कोई फायदा नहीं हुआ है।
तेज प्रताप ने आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग बिहार में लड़ाने के लिए आते हैं। क्योंकि अब चुनाव आ रहा है। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री बोल रहे हैं कि जो कुंभ नहीं जाएगा, वह देशद्रोही कहलाएगा। इस पर तेजप्रताप ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री खुद देशद्रोही हैं। तेज प्रताप ने आईआईटियन बाबा द्वारा भारत-पाकिस्तान के मैच पर की गई भविष्यवाणी पर कहा कि वह ढोंगी बाबा है, उनकी बात का कोई विश्वास नहीं है। वह माता-पिता का ख्याल नहीं रख पाया। जब महाकुंभ में आग लगी थी तो पहले से क्यों नहीं भविष्यवाणी की।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा1 इस पर तेज प्रताप ने कहा कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई हम सब भाई-भाई। वहीं, धीरेंद्र शास्त्री के महाकुंभ में नहाने को लेकर दिए बयान पर तेज प्रताप ने कहा कि जहां गंगा हैं, वहां नहा सकते हैं। धीरेंद्र शास्त्री के महाकुंभ भगदड़ में मारे गए लोगों को मोक्ष मिलने वाले बयान पर भी तेज प्रताप ने कहा कि मोक्ष सिर्फ गया के विष्णु देव मंदिर में मिलता है।






