रांची । झारखंड विधानसभा का बजट सत्र सोमवार, 24 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। बजट सत्र को लेकर रविवार को रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर इंडिया गठबंधन विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में सत्ता धारी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के कोटे से मंत्री और विधायक शामिल हुए। इनके अलावा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू भी विधायक दल की बैठक में शामिल हुए। बैठक के बाद राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि बैठक में निर्देश दिया गया है कि विपक्ष के द्वारा उठाए गए सभी सवालों का सार्थक जवाब सत्ता पक्ष की ओर से संबंधित मंत्री देंगे।

उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान हर दिन कार्य अवधि शुरू होने से लेकर कार्य अवधि संपन्न होने तक मंत्री और विधायकों को विधानसभा में मौजूद रहना होगा। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि बजट सत्र को लेकर सत्ता पक्ष की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष सबसे पहले अपने विधायक दल के नेता का चयन करें। उसके बाद सत्ता पक्ष से सवाल जवाब करने की तैयारी करें। उधर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के राजू ने कहा कि जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप राज्य सरकार बजट पेश करेगी। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष विपक्ष के सवालों का माकूल जवाब देगी। बजट सत्र को लेकर सत्ता पक्ष पूरी तरह से तैयार है।





