पटना । बिहार के रोहतास जिले में मैट्रिक परीक्षा के दौरान हुई गोलीबारी में एक छात्र की हत्या हो गई जब एक आरोपी छात्र समूह ने उसकी ओर गोलियां चलाई। इस हमले में एक छात्र की मौत हो गई जबकि एक और छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक परीक्षा केंद्र के बाहर आरोपी छात्रों का समूह पहले से उस लड़के का इंतजार कर रहा था जिसने परीक्षा के दौरान पेज नहीं दिखाया। उसके आते ही आरोपी छात्रों के समूह ने गोलियां चला दी जिसमें एक छात्र की मौत हो गई है। गोलीबारी में एक और छात्र के हाथ में गोली लगी है जिसका इलाज चल रहा है। बिहार में 17 फरवरी से मैट्रिक की परीक्षा शुरू हुई है जो 25 फरवरी तक चलेगी। लगभग 17 लाख बच्चे परीक्षा दे रहे हैं।

रोहतास जिले के धौडांड़ थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर गोलीबारी की ये वारदात हुई है। इस गोलीबारी में डेहरी मुफसिल थाना के शंभू बिगहा गांव निवासी अमित कुमार की मौत हो गई है जबकि संजीत कुमार गंभीर रूप से घायल है। रोहतास के एसपी ने बताया कि गोली चलाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ चल रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक और आरोपी मैट्रिक के परीक्षार्थी हैं जिनका सेंटर संत अन्ना स्कूल में है। परीक्षा के दौरान नकल नहीं कराने को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ था। दोनों तरफ 15 से 17 साल के लड़के हैं। शाम 6 बजे के करीब 20-25 परीक्षार्थियों का झुंड़ परीक्षा के बाद पैदल ही घर लौट रहा था। रास्ते में घात लगाकर इंतजार कर रहे लड़कों के समूह ने अमित के वहां तक आते ही गोलियां चला दी। इसमें अमित की पीठ में जबकि संजीत के हाथ में गोली लगी। घायल हालत में अमित और संजीत को नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। अमित ने दम तोड़ दिया जबकि संजीत का इलाज चल रहा है।





