चितरंजन: कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे यात्रियों की कार भयावह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार महिलाओं सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। यह घटना बुधवार देर रात करीब 12 बजे के आसपास हुई। घटना पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर के अयोध्या गांव के यात्रियों के साथ हुई। दो परिवारों के आठ सदस्य जाइलो कार से कुंभ स्नान के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में कुल्टी थाना क्षेत्र के चौरंगी मोड़ पर 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
गाड़ी चला रहे सोमनाथ चक्रवर्ती के अनुसार, वाहन की गति 70-80 किमी/घंटा थी, तभी एक तेज रफ्तार लॉरी ने टक्कर मार दी। कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गई।
हादसे में शांतनु मुखोपाध्याय (65) और शैलेन बनर्जी (60) की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में सौरव मुखोपाध्याय, मनसा मुखोपाध्याय, अनन्या मुखर्जी (27), रूपा बनर्जी, श्युली कर्मकार और चालक सोमनाथ चक्रवर्ती शामिल हैं। श्युली कर्मकार की स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।





