पालाजोरी में पुलिस पर हमला: सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला, एक गिरफ्तार, कई फरार
देवघर। जिले के पालाजोरी थाना क्षेत्र में पुलिस पर हमले और सरकारी कार्य में बाधा डालने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में पुलिस अधिकारी पर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना पालाजोरी थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस अधिकारी बसंत कच्छप 53 वर्ष अपने सरकारी कार्य का पालन कर रहे थे। इसी दौरान करीब 100-150 लोगों की भीड़ ने अचानक पुलिस दल पर हमला कर दिया। आरोपियों ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई, बल्कि पुलिस अधिकारियों पर ईंट-पत्थरों से हमला भी कर दिया। इस अप्रत्याशित हमले से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने स्थिति को काबू में करने के लिए अतिरिक्त बल को बुलाया और इलाके में गश्त तेज कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में पांच नामजद आरोपियों के अलावा 100-150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में पालोजोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर डुमरिया निवासी गणेश मुर्मू (उम्र 33 वर्ष) पिता स्व. बाबूराम मुर्मू,दुबिया गांव निवासी रमेश मुर्मू 20 वर्ष पिता सुंदर मुर्मू,नवाडीह गांव निवासी
हाकीम मरांडी 25 वर्ष पिता वकील मरांडी,
तेलंगा गांव निवासी मधु मंडल 42 वर्ष पिता स्व. कामदेव मंडल,दुबिया गांव निवासी जयदेव हेम्ब्रम नामजद किया है। पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए गणेश मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा, पुलिस ने महिंद्रा ट्रैक्टर नं.जेएच15 टी-8646 को ट्रेलर सहित जब्त कर लिया है, जिसे घटनास्थल से बरामद किया गया। आशंका जताई जा रही है कि इस वाहन का इस्तेमाल उपद्रवियों ने हमले के दौरान किया होगा।






