संताल एक्सप्रेस संवाददाता

देवघर । आगामी शिवरात्रि में आयोजित होने वाली शिव बारात को लेकर नगर आयुक्त रोहित सिन्हा ने ऐतिहासिक कदम उठाए हैं, जिससे न केवल शिव बारात की भव्यता और आकर्षण बढ़ेगा, बल्कि शहरवासियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। सोमवार को सहायक नगर आयुक्त के साथ शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने तीन जर्जर मकानों को 48 घंटों के अंदर खाली करने का आदेश दिया। इन मकानों के जर्जर स्थिति के कारण किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए यह कदम उठाया गया। साथ ही, शिव बारात मार्ग पर स्थित नालों को कंक्रीट स्लैब से ढकने का निर्देश दिया गया, ताकि कोई दुर्घटना न हो। इसके अलावा, नगर आयुक्त ने यह भी आदेश दिया कि शिव बारात के मार्ग पर सभी अतिक्रमण हटाए जाएं और शहर में अतिक्रमण मुक्त रखने का कार्य शिवरात्रि के बाद भी जारी रहे। शहर के विकास और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित नगर प्रबंधक को इन कार्यों को शीघ्र लागू करने का निर्देश दिया। इन सभी कदमों के साथ, देवघर के शिवरात्रि पर्व में सुरक्षा, संरचना और सौंदर्य के मेल से एक अद्वितीय अनुभव प्रदान करने की तैयारी चल रही है। शहरवासियों और श्रद्धालुओं को अब शिव बारात में न केवल धार्मिक आस्था की अनुभूति होगी, बल्कि शहर के बेहतर व्यवस्था का भी एहसास होगा।





