ट्रक गिट्टी से भरा था, लेकिन उसके नीचे एक तहखाना बनाकर शराब छिपाई गई थी
भागलपुर । बिहार में होली से पहले पुलिस ने शराब माफियाओं की बड़ी चाल नाकाम कर दी। नवगछिया पुलिस ने झारखंड नंबर के एक ट्रक से 234 कार्टन विदेशी शराब पकड़ी है। यह ट्रक गिट्टी से भरा था, लेकिन उसके नीचे एक तहखाना बनाकर शराब छिपाई गई थी। ट्रक झारखंड से मधेपुरा जा रहा था। पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिली थी। ड्राइवर और खलासी, दोनों झारखंड के रहने वाले हैं, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि झारखंड से एक ट्रक में भारी मात्रा में शराब भागलपुर होते हुए मधेपुरा जा रही है। इस सूचना पर यहां के एसडीओपी के नेतृत्व में नवगछिया थाना की टीम ने जीरो माइल के पास वाहन चेकिंग शुरू की। भागलपुर की तरफ से आ रहे एक हाईवा ट्रक (जेएच09बीए9827) को रोका गया। ट्रक में ऊपर से गिट्टी लदी हुई थी। लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की, तो ट्रक के अंदर एक तहखाना बना हुआ मिला। इस तहखाने में 234 कार्टन विदेशी शराब छिपाई गई थी। शराब की कुल मात्रा 2102.76 लीटर थी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक ड्राइवर विजय राउत और खलासी मोहम्मद हजला को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों झारखंड के रहने वाले हैं। पकड़े गए लोगों से पूछताछ में और भी शराब माफियाओं के बारे में जानकारी मिली है। एसडीओपी नवगछिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के निर्देशन में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार चलाई जा रही अभियान के क्रम में मद्य निषेध इकाई बिहार, पटना से सुचना मिली कि हाईवा ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर झारखंड से लेकर भागलपुर होते हुए मधेपुरा की ओर जाने वाला है। सूचना पर नवगछिया थाना टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नवगछिया जीरो माईल के पास वाहन जांच शुरू किया गया। उसी क्रम में भागलपुर की ओर से आती हुई हाईवा ट्रक के तलाशी के दौरान ट्रक के डाला में गिट्टी से छिपाकर रखा हुआ कुल-234 कार्टन से कुल मात्रा-2102.76 लीटर विदेशी शराब बरामद किया गया।





