स्कूटी से स्कूल जा रहे थे शिक्षक, घात लगाए अपराधियों ने दो बम फेंककर उतारा मौत के घाट
देवघर। अपराधियों के बढ़ते हौसले का एक और उदाहरण गुरुवार को मधुपुर थाना क्षेत्र के पिपरासोल में देखने को मिला, जहां महुआडाबर मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार दास की बम मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। वे झारखंड स्टेट प्राइमरी शिक्षक संघ दुमका के प्रमंडलीय उप महासचिव भी थे। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

कैसे हुई हत्या?
गुरुवार सुबह 9:10 बजे, प्रधानाध्यापक एमडीएम का सामान लाने स्कूटी से भेड़वा नवाडीह की ओर जा रहे थे। स्कूल से महज 100 मीटर दूर, घात लगाए अपराधियों ने उन पर दो बम फेंक दिए। विस्फोट इतना भीषण था कि शिक्षक का चेहरा क्षत-विक्षत हो गया, और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी वारदात के बाद पैदल ही फरार हो गए। बम धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद और इंस्पेक्टर त्रिलोचन तामसोई मौके पर पहुंचे और छानबीन में जुट गए। फिलहाल पुलिस गांव में कैंप कर रही है।
वही परिवार ने हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई है, लेकिन अभी तक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मृत शिक्षक की पत्नी उषा रानी दास, जो पूर्व में मधुपुर से जिला परिषद सदस्य रह चुकी हैं, वर्तमान में महुआडाबर विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं।
इलाके में आक्रोश, पुलिस पर उठे सवाल:
इस निर्मम हत्या से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। घटना ने मधुपुर में बढ़ते अपराध और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





