नई दिल्ली । झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के सुप्रीमो और पूर्व सीएम शिबू सोरेन की तबीयत बिगड़ गई है। जानकारी के मुताबिक शिबू सोरेन को सांस लेने में तकलीफ है। सीएम हेमंत सोरेन भी अपने पिता के साथ ही दिल्ली रवाना हो गए हैं। बता दें कि सांस में तकलीफ के कारण कुछ साल पहले शिबू सोरेन को मेदांता रांची में भर्ती कराया गया था। शिबू सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष हैं। यूपीए के पहले कार्यकाल में वह कोयला मंत्री रहे लेकिन चिरूडीह हत्याकांड में उनका नाम आने के बाद उन्हें केंद्रीय मंत्रीमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था।
पिता शोभराम सोरेन कि हत्या के बाद शिबू सोरेन ने राजनीति में कदम रखा था। शिबू ने पहली बार 1977 में लोकसभा का चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन 1980 में उन्हें सफलता मिली थी। इसके बाद 1986, 1989, 1991, 1996 में भी वह चुनाव जीते। 2004 में वे दुमका से लोकसभा के लिए चुने गए। शिबू सोरेन झारखंड के सीएम भी रहे हैं। अब उनके बेटे हेमंत सोरेन राज्य के सीएम हैं। शिबू सोरेन को गुरुजी के नाम से भी जानते हैं।






