संताल एक्सप्रेस

श्रीराम भगत
अमड़ापाड़ा(पाकुड़) – थाना क्षेत्र के कोयला परिवहन सड़क पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। छोटा पहाड़पुर के पास सड़क किनारे खड़े डम्पर में जोरदार टक्कर के बाद भाग रहे चालक की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
कैसे हुआ हादसा :-
जानकारी के अनुसार कोयला लोड डम्पर सड़क के एक तरफ कतार में खड़े थे। इसी दौरान पाकुड़ की ओर से आ रहे डम्पर (संख्या जेएच 10 सीएक्स 6966) का चालक गणेश यादव (43), जो बिहार के जमुई जिले का निवासी था, मोबाइल फोन पर बात करते हुए आलुबेड़ा की ओर जा रहा था। छोटा पहाड़पुर के पास मोड़ पर उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया और डम्पर (संख्या जेएच 16 एच 1668) से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खड़े डम्पर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सड़क किनारे खड़े डम्पर के चालक किसान मंडल (23), जो पाकुड़ जिले के बहिरग्राम का निवासी है, उस समय केबिन के पिछले हिस्से में बैठकर मोबाइल चला रहा था। इससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।
चालक की भागने के दौरान मौत :-
टक्कर के बाद गणेश यादव को लगा कि सामने वाले वाहन चालक की मौत हो गई है। घबराहट में वह डम्पर से कूदकर भागने लगा। भागते हुए वह सड़क किनारे इकड़ी नाला में गिर गया। गिरने के दौरान वह पत्थर के गार्डवाल से टकराया और तार की जाली में फंसते हुए पानी में जा गिरा। पुलिस ने उसे तुरंत फतेहपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खलासी ने रोका लेकिन नहीं रुका चालक:-
मृतक चालक के साथ मौजूद खलासी और भांजा सुमन कुमार ने बताया कि उसने गणेश यादव को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन उसने हाथ झटककर भागना जारी रखा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।





