●संताल परगना के गांवों में महाजनों के शोषण का सबसे अधिक शिकार आदिवासी ही हो रहे थे
सुमन सिंह
दुमका। अलग झारखंड राज्य की मांग तब से हो रही थी जब देश आजाद नहीं हुआ था।जयपाल सिंह मुंडा की झारखंड पार्टी का कांग्रेस में विलय के बाद झारखंड आंदोलन में एक ठहराव की स्थिति बन गई थी।
झामुमो का गठन 4 फरवरी 1973 को धनबाद में हुआ।तब शिबू सोरेन सोनोत संताल समाज नाम का समाजिक संगठन चलाते थे।अधिवक्ता और शिवाजी समाज के संस्थापक बिनोद बिहारी महतो और मार्क्सवादी नेता एके राय के साथ मिल कर शिबू सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन किया था।बिनोद बिहारी महतो झामुमो के अध्यक्ष और शिबू सोरेन महासचिव बनाए गए थे।झारखंड मुक्ति मोर्चा के गठन के बाद आदिवासियों,मजदूरों और अन्य गरीबों के शोषण के विरुद्ध संघर्ष तेज हुआ।शराबबंदी के प्रति जागरूकता का समाजिक आंदोलन भी साथ-साथ चल रहा था।
धनबाद के बाद संताल परगना इलाके में शिबू सोरेन ने महाजनी शोषण के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका जो काफी लोकप्रिय हुआ।संताल परगना के गांवों में महाजनों के शोषण का सबसे अधिक शिकार आदिवासी ही हो रहे थे।इस कारण महाजनी शोषण के विरुद्ध लड़ाई से झामुमो की आदिवासियों के बीच पैठ बनती गई।दुमका में 2 फरवरी 1978 को झामुमो की स्थापना के बाद संताल परगना में अलग राज्य राज्य आंदोलन की मांग जोर पकड़ती गई।इस आंदोलन से झामुमो की ताकत भी बढ़ी।1980 के लोकसभा चुनाव में दुमका से सांसद निर्वाचित होने के साथ शिबू सोरेन का संसदीय राजनीति में प्रवेश हुआ।पिछले 46 वर्षों के कालखंड में झामुमो कई उतार चढ़ाव के साथ आज जिस मुकाम पर है वह शिबू सोरेन के संघर्ष और संताल परगना की जनता का उनके प्रति अगाध प्यार का प्रतिफल है।शिबू सोरेन के द्वारा बनाए गए रोड मैप पर चल कर ही उनके उत्तराधिकारी झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन झामुमो के कारवां को बढ़ाते चले जा रहे हैं।
—

अपनी सबसे मजबूत स्थिति के साथ झामुमो मना रहा 46 वां स्थापना दिवस
इस बार 2 फरवरी को दुमका के गांधी मैदान में होने वाला झामुमो का 46 वां स्थापना दिवस समारोह के मायने में महत्वपूर्ण है।अब झामुमो रैली के माध्यम से अपनी ताकत का मूल्यांकन और प्रदर्शन करता है। झामुमो अब तक की अपनी सबसे मजबूत स्थिति के साथ इस साल 2 फरवरी पर झामुमो स्थापना दिवस मनाने जा रहा है।गत लोकसभा चुनाव में संताल परगना में झामुमो को बड़ी सफलता मिली है।
संताल परगना में वर्तमान में 3 संसदीय सीटों में 2 सांसद नलिन सोरेन और विजय हांसदा झामुमो से जीते हैं।विधान सभा चुनाव में भी झामुमो ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए संताल परगना की 18 सीटों में 11 पर जीत दर्ज किया है। इन विधायकों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्पीकर रवींद्र नाथ महतो और दुमका विधायक बसंत सोरेन समेत 11 झामुमो के विधायक 2 फरवरी को दुमका में मंचासीन होंगे।झामुमो को यह मजबूती मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कुशल नेतृत्व में मिली है।जनता से मिली इस ताकत का प्रदर्शन इस बार 2 फरवरी को दुमका झामुमो स्थापना दिवस पर होने वाली रैली में दिखेगा।रैली में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का भाषण काफी अहम होगा।





