पटना । बिहार पुलिस ने एक करोड़पति चोर को पकड़ा है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी दिव्यांग है, उसने पटना के हर इलाके में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अब तक वह अकेले करोड़ों के जेवरात और कैश चुरा चुका है। रविवार शाम उसे पटना के नेहरू नगर इलाके में चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। पुलिस ने केस दर्ज कर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक रविवार की शाम पाटलीपुत्र इलाके थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। लोगों ने पुलिस को बताया कि एक चोर चोरी के इरादे से एक व्यक्ति के घर में घुसा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी दिव्यांग था। उसका नाम पूछा तो उसने दिनेश उर्फ लंगड़ा बताया। पुलिस ने जब आरोपी के बारे में पता किया तो सामने आया कि उसने पटना के सभी थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। अब तक वह करोड़ों का कैश और जेवरात चोरी कर चुका है।
पटना में पिछले 13 साल से वह चोरी कर रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी पटना के रामकृष्ण नगर में किराए के मकान में रहता था। आरोपी के परिवार में कोई नहीं है। आरोपी के पास ढाई लाख के गहने भी पुलिस ने बरामद किए हैं। वह बीते 13 साल में करोड़ों की चोरी कर चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक उसकी रिकवरी नहीं कर पाई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई में जुटी है।






