राज्यकर्मियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू
दुमका एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवा शुरु होगी
वकीलों को सात हजार रुपये मिलेंगे पेशन
रांची । झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने राज्यकर्मियों और पेंशनरों के लिए असीमित स्वास्थ्य बीमा की योजना को मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके तहत राज्यकर्मियों और पेंशनरों के आश्रितों को सामान्य बीमारियों में हर साल पांच लाख और गंभीर बीमारियों में 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज सहूलियत मिलेगी। इसके साथ ही सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट की बैठक में 18 बड़े प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।

झारखंड के 500 और मिडिल स्कूलों में कंप्यूटर की पढ़ाई शुरू होगी। इन स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित किये जाएंगे, स्मार्ट क्लास बनाए जाएंगे और छह से दस कंप्यूटर लगाए जाएंगे। ज्ञानोदय योजना के तहत अगले पांच सालों में (2024-25 से 2029-30) इन स्कूलों में इसे इंस्टॉल कर दिया जाएगा और पठन-पाठन शुरू किया जाएगा।झारखंड में वर्तमान में समग्र शिक्षा के तहत 1254 स्कूलों में और ज्ञानोदय के तहत 346 स्कूलों में कंप्यूटर की पढ़ाई चल रही है। अब ज्ञानोदय के तहत पांच साल में 500 और स्कूलों में कंप्यूटर लैब तैयार कर पढ़ाई होगी। इसमें हर स्कूलों को 4.50 लाख लैब के लिए दिये जाएंगे, जबकि 2.40 लाख स्मार्ट क्लास के लिए दिये जाएंगे।
कैबिनेट की प्रधान सचिव वंदना दांदेल ने बताया कि सरकार ने कंप्टूयर शिक्षा के लिए 94.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल, सदर अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वरीय अस्पताल प्रबंधक, अस्पताल प्रबंधक, वित्तीय प्रबंधक और आईटी एग्जिक्यूिटिव की नियुक्ति होगी। वहीं, झारखंड पारा मेडिकल जिला स्तरीय संवर्ग (नियुक्ति, प्रोन्नति व अन्य सेवा शर्त) नियमावली 2025 के गठन की स्वीकृति दी गई।सामान्य बीमारी में भी अगर राशि की अधिसीमा पांच लाख से अधिक होती है तो उसका वहन राज्य सरकार करेगी। ट्रस्ट मोड में उपचार के कुल खर्च में पांच लाख तक का वहन बीमा कंपनी करेगी, जबकि शेष राशि राज्य सरकार वहन करेगी।
किडनी ट्रांस्प्लांट के मामले में किडनी डोनर का भी खर्च राज्य सरकार उठाएगी।झारखंड के दुमका एयरपोर्ट से नियमित विमान सेवा शुरू होगी। एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के साथ एमओयू किया जाएगा। कैबिनेट की बैठक में इसके प्रस्ताव और प्रारूप को स्वीकृति प्रदान की गई है। नियमित उड़ान की सेवाएं कॉस्ट रिकवरी बेसिस पर उपलब्ध कराया जाएगा।झारखंड अधिवक्ता कल्याण निधि न्यासी समिति में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 12.10 करोड़ झारखंड राज्य आकस्मिकता निधि से अग्रिम के रूप में कराने की स्वीकृति दी गई है। इसमें स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ प्रदान करने के लिए 6,000 रुपये वार्षिक प्रिमियम, 65 साल से अधिक उम्र के अधिवक्ता लाइसेंस प्रत्यर्पित करने वाले इच्छुक अधिवक्तागण को पेंशन के रूप में प्रतिमाह 7,000 रुपये, नए अधिवक्तागणों को पहले तीन साल की अवधि के दौरान वृत्तिका भत्ता के रूप में 5000 रुपये प्रतिमाह दी जाएगी।





