डॉक्टर ने दी अपडेट, खतरे से बताया बाहर, बहन सोहा पहुंची अस्पताल
मुंबई । बॉलीवुड स्टार सैफ अली खान पर हुए हमले ने पूरे देश को हैरान कर दिया है। गुरुवार तड़के एक घुसपैठिया सैफ अली खान के घर में घुस आया जिसने एक्टर पर चाकू से लगातार छह वार किए। इस घटना के बाद सैफ को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनकी दो सर्जरी हुईं जिसमें से डॉक्टर ने 2.5 इंच का नुकीला टुकड़ा निकाला। शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर 6 बार हुए वार के बावजूद सैफ अली ने हिम्मत नहीं हारी और हमलावर से परिवार को बचाया। सुबह उनसे मिलने उनकी बहन सोहा अली खान अस्पताल पहुंची और उनकी सेहत की जानकारी ली।
अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि अगर चाकू एक एमएम यानी थोड़ा और अंदर घुसता तो एक्टर सैफ के लिए बड़ा खतरा हो सकता था। सैफ हुए 6 वार में से एक रीढ़ की हड्डी के पास था जो अगर उनकी हड्डी के पास लगता तो उन्हें लकवा मार सकता था। न्यूरोसर्जन डॉक्टर नितिन डांगे ने एक बातचीत में सैफ अली की हेल्थ अपडेट दी।
डॉक्टर ने बताया कि सैफ अली खान को रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं थीं रीढ़ में चाकू फंसा हुआ था। चाकू निकालने और वहां से बह रहे फ्ल्युइड को रोकने के लिए सर्जरी की गई। उनके बाएं हाथ पर दो गहरे घाव और गर्दन पर एक घाव था जिसका इलाज प्लास्टिक सर्जरी टीम ने किया। अब सैफ अली खान पूरी तरह से स्थिर हैं, ठीक हो रहे हैं और खतरे से बाहर हैं।


