जामा(दुमका) । जामा प्रखंड मुख्यालय से करीब दस किलोमीटर दूरी पर स्थित प्राकृतिक छटा बिखेरते तातलोई गर्म जलकुंड में मकर संक्रांति पर साफा होड़ समुदाय के अलावा हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगायी और पूजा अर्चना कर परिवार के सदस्यों के लिए खुशहाल जीवन की कामना की।

मेले में पहुंचे लिट्टीपाड़ा,पाकुड़ जिले के साफा होड़ समुदाय के साफा होड़ अमीन मुर्मू व शिव नगर के धर्म गुरु बुधन हांसदा ने बताया कि आदिवासी समुदाय के लोग सरना धर्मावलंबी मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में मारांग बुरु बुढ़ा बूढ़ी,सिंग बोंगा सरना माता का पूजा अर्चना करते हैं| इस दौरान नौ प्रकार की लकड़ी जलाकर हवन-पूजन की जाती है और तुलसी पिंड लगाया जाता है| उसी तुलसी पिंड को भगवान शिव एवं राम मानकर पुजा अर्चना की जाती है एवं हवन पूजन के माध्यम से नव ग्रह से मुक्ति मिलती है। साथ ही बताया कि यह पूजा अर्चना आदिवासी समाज के साफा होड़ समुदाय के लोग करीब 1906 – 07 से करते आ रहे है| तब से यह परंपरा चल रही है। बता दें कि हर साल दुमका, साहेबगंज, पाकुड़, गोड्डा, देवघर व जामताड़ा जिले से काफी संख्या में साफा होड़ समुदाय के लोग यहां आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं। तंबू लगाकर दो से तीन दिन समर्थकों और अनुयायियों के साथ निवास करते हैं। इस दौरान तीर्थ घोड़ीबाद जामा के राम मरांडी, मोंहलबोना धर्म गुरु सोना लाल मरांडी, शिव नगर गुहियाजोरी धर्म गुरु बुधन हांसदा, भीम मुर्मू, काली दास हांसदा, स्टीफन मुर्मू, सुके सोरेन सहित अन्य कई गांवों के साफा होड़ हर साल यहां डुबकी लगाने पहुंचते हैं| तातलोई साफा होड़ धर्मावलंबियों के लिए आस्था का केंद्र बना हुआ है।
मान्यता है कि जलकुंड में गरम पानी में औषधीय गुण पाया जाता है जिससे स्नान करने वाले श्रद्धालुओं का चर्म रोग एवं पेट संबंधी बीमारियों से छुटकारा मिल जाता है। वहीं धार्मिक आस्था यह भी है कि मकर स्नान करने से शारीरिक और मानसिक कष्ट दूर होते है और तन मन की शुद्धता सिद्धि होती है जिससे यहां डुबकी लगाने हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। वहीं मकर संक्रांति पर भुरभुरी नदी किनारे तीन दिवसीय भव्य मेला के दूसरे दिन मंगलवार को काफी भीड़ उमड़ पड़ी। साफा होड़ का पूजा अर्चना विशेष आकर्षण का केंद्र रहा| मकर संक्रांति मेला देखने आस पास जिले से भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। मेले में आने वाले लोग सभी प्रकार के जरूरत की सामग्री की भी खरीददारी कर रहे हैं, तो बच्चे झूला झूलने मिठाई खाने का लुफ्त उठा रहे हैं।
इधर तातलोई मेला की लोकप्रियता देख कर 2025 में जिला प्रशासन द्वारा इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने शुभारंभ किया गया है। पहले साफ सफाई के लिए कूड़ा दान तैयार किया जा रहा है। रंगाई पुताई जल कुंड की साफ सफाई स्थल खेराबंदी के लिए बाउंड्रीवाल बनाने और सौंदर्यीकरण करने की कवायद शुरू कर दी गई है। निकट भविष्य में तातलोई की तस्वीर बदल सकती है।
खास बात यह है कि समाज कल्याण विभाग और पर्यटन विभाग द्वारा अब यहां जागरूकता कार्यक्रम और दर्शकों के मनोरंजन के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाने लगे हैं। स्थानीय नागरिक पुलिस प्रशासन के अलावा आयोजन समिति भी मेले को सफल बनाने और सुरक्षा में मुस्तैद रहते हैं।



