देवघर । नगर थाना क्षेत्र के तिवारी चौक स्थित शिव बिहार कॉलोनी में एक 39 वर्षीय व्यक्ति, प्रमोद कुमार सिंह, ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार सुबह करीब 9 बजे की है।
आर्थिक तंगी और तनाव बना वजह मृतक की पत्नी, खुशबू देवी के अनुसार, प्रमोद कुमार सिंह मोबाइल रिपेयरिंग की छोटी दुकान चलाते थे। आय इतनी कम थी कि बच्चे की स्कूल फीस तक समय पर नहीं भर पाते थे। इसके अलावा, जमीन को लेकर भाई के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इन कारणों से प्रमोद मानसिक तनाव में थे। मंगलवार की सुबह, जब खुशबू देवी अपने बच्चे के साथ कमरे में थीं, प्रमोद कुमार ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और बरामदे में रस्सी से फांसी लगा ली। उनकी चीख-पुकार सुनकर पास में काम कर रहे एक मिस्त्री ने दरवाजा तोड़ा और प्रमोद को फांसी के फंदे से उतारकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।




