रांची । दिशोम गुरु शिबू सोरेन का 81 वां जन्मदिन शनिवार को राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में धूमधाम से मनाया गया। रांची के मोराबादी स्थित शिबू सोरेन के आवास पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पत्नी विधायक कल्पना सोरेन और बसंत सोरेन समय परिवार के अन्य सदस्य की मौजूदगी में केक काटा गया।
मौके पर राज्य के मंत्री डॉ इरफान अंसारी, हफीजुल हसन, सांसद महुआ माजी और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केक काटा और अपने पिता शिबू सोरेन को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने अपनी उम्र के बिरासी वर्ष के पड़ाव में कदम रखा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि रांची समेत अन्य जिलों में भी शिबू सोरेन के जन्मदिन को लेकर उनके चाहने वालों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। शिबू सोरेन को भारत रत्न देने से जुड़े एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के गरीब गुरबा और वंचितों के बीच शिबू सोरेन का नाम ही अपने आप में एक रत्न के समान है। उन्होंने कहा कि देश के नीति निर्धारक इस संबंध में क्या मानते हैं इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी शिबू सोरेन से मुलाकात कर उनके जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं दी।