रांची । झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर की अध्यक्षता में शनिवार काे कांग्रेस भवन में मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
मिलन समारोह में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों से लोगों में भारी आक्रोश है। देश में प्रतिदिन भाजपा लोगों के बीच शिगूफे छोड़कर भेदभाव कराने में लगी है।
मीर ने कहा कि आज सदस्यता ग्रहण करने वाले लोग राज्य के वरीय अधिकारी रहे हैं। यह कोइ छोटा कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सोच है, जो आगे आगे बढ़ रही है। कांग्रेस ने पिछड़े और कमजोर तबके के लोगों की आवाज को लोकसभा चुनाव में जोरदार तरीके से उठाया था, जिसे लोग समझ रहे हैं।
राजेश ठाकुर ने कहा कि समाज का अभिजात्य वर्ग जब राजनीति में आता है तो निश्चित रूप से एक नई सोच एक नई ऊर्जा के साथ काम करता है। भाजपा की कार्यशैली और झारखंड के प्रति उनके नेताओं की सोच के कारण आज बौद्धिक रूप से मजबूत वर्ग उनका प्रतिकार कर रहा है। झारखंड के चुनावी बिसात को हर हाल में जितने की होड़ में भाजपा झारखंडी जनता से धोखा करने में भी पीछे नहीं हो रही है। कांग्रेस की जिसकी जितनी हिस्सेदारी उसकी उतनी भागीदारी से प्रभावित होकर लोग हमसे जुड़ते गए और कांग्रेस ने भी उनकी आवाज को बुलंद रखा है।कांग्रेस इस देश में मजलूमों की आवाज है। जनता की आवाज दबाने की जितनी भी कोशिश भाजपा द्वारा की जाएगी उसे करारी शिकस्त मिलेगी। इस अवसर पर संगठन महासचिव अमूल्य नीरज खलको मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सोनाल शांति, जगदीश साहू उपस्थित थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now