संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । अंचल क्षेत्र के उदलबनी गाँव में एक स्थान पर रखे धान के खलिहान में शुक्रवार को अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग लगने की सूचना पर बीडीओ प्रमोद कुमार गुप्ता ने बीजीआर प्रबंधन से संपर्क कर पानी का टैंकर तुरंत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं बीजीआर प्रबंधन के द्वारा तुरंत घटना स्थल के लिए पानी का टैंकर भेजा गया। इधर घटना की सूचना मिलते ही एसआई रामप्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उदलबनी गांव निवासी हिरोलाल सोरेन और सोम सोरेन दोनों का खलिहान मांझीटोला में अगल बगल ही है। दोपहर कुछ बच्चे खलिहान के पास खेल रहे थे। इसी बीच किसी बच्चे ने खेल-खेल में ही खलिहान में आग लगा दी। आग लगने के बाद वहाँ खेल रहे सभी बच्चे डर गए और भाग खड़े हुए। इसी दौरान खलिहान से कुछ ही दूरी पर सड़क किनारे कुछ ग्रामीण डीलर से अनाज ले रहे थे। आग देखकर सभी खलिहान की ओर दौड़े भागे। सभी ने मिलकर टैंकर के सहारे आग बुझाने में अपनी ताकत झोंक दी। लेकिन तबतक देर हो चुकी थी। खलिहान में रखे अधिकांश धान जल चुके थे। इस नुकसान से दोनों ही परिवार के लोग खलिहान के समीप ही बेतहाशा रोते हुए नजर आए। दोनों ही परिवार के पास भोजन के लिए एक मात्र सहारा धान की खेती ही है। जो आगजनी में तबाह हो गया। आगजनी का आंकलन करने के लिए अंचल कार्यालय के हल्का कर्मचारी सीताराम महतो और बीणा रानी सहित पंचायत के मुखिया साहेबजन टुडु भी मौके पर पहुंच चुके थे।



