रांची । उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल रघुबर दास का गुरुवार को रांची पहुंचने पर एयरपोर्ट पर हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ उनके स्वागत में उमड़ पड़ी। रघुबर दास कार्यकर्ताओं की भीड़ को देखकर भाव विभ्वल हो गये और कहा की मैं एक मजदूर था, उसके बाद विधायक बना, फिर मुख्यामंत्री और राज्यपाल.. यह सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में ही संभव हैं। उन्होंने ओडिशा के राज्यपाल बनने का मौका देने वाले सवालों के जवाब पर शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुझे 14 महीना भगवान जगन्नाथ की धरती पर ओडिशा की जनता का सेवा करने का मौका मिला। मेरी कर्म भूमि ओडिशा थी, लेकिन अब अपनी जन्म और कर्म भूमि पर फिर से मैं वापस आया हूं। इसके लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का बहुत आभार। वहीं, रघुवर दास के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं के बीच एक नई ऊर्जा का संचार हुआ। इस दौरान रह रह कर कार्यकर्ता भी जोश में दिखे और जिन्दाबाद के नारे लगाते रहे। झारखंड की राजनीति में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की एंट्री से भाजपा के कार्यकर्ता गदगद हैं। अब रघुवर दास को जल्द ही भाजपा का सदस्यता ग्रहण कराया जायेगा। जिसके बाद ही रघुवर दास सक्रिय राजनीति में लौट सकेगे। माना जा रहा है कि शीर्ष नेतृत्व रघुवर दास को अहम जिम्मेवारी दे सकती हैं। वहीं, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उनका काफिला धुर्वा स्थित सरकारी आवास पहुंचा। जहां पर एक के बाद एक रघुवर दास से मिलने कार्यकर्ताओं और नेताओं का आना जाना देर रात तक जारी रहा। इस दौरान ढोल-नगाड़े के साथ रघुवर दास के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गयी। वहीं, एयरपोर्ट पर उनकी अगुवाई करने रांची विधायक सीपी सिंह, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद समेत भाजपा के अन्य कार्यकर्ता और नेता उपस्थित थे। कार्यकर्ताओं का उत्साह को देख रघुवर दास के चेहरे खिल उठे।