रानीश्वर । नए वर्ष के आगमन की तैयारी को लेकर पर्यटन स्थल मसानजोड़ में सैलानियों का सैलाब उमड़ना शुरू हो गया है। गुरुवार को बड़ी संख्या में पहुंचे सैलानियों ने डैम के जलाशय में स्पीड बोट से नोका बिहार कर प्रकृति का आनंद उठाया। वही शिशु बागान में पश्चिम बंगाल के पर्यटकों ने पिकनिक का आनंद लिया।

यहां लगाएं गए मीना बाजार में खरीदारी करने पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। डैम के जलाशय के उपरी भाग के धाजापाड़ा व पश्चिम बंगाल सरकार के युवा आवास के ढलान में भी लोगों ने पिकनिक मनाया।रानीश्वर प्रखंड के बड़ानदी, कैरावनी, दिगल बांध जलाशय के पास भी लोगों की अपार भीड़ देखी गई।
पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी दुमका ने मसानजोड़ मुख्य मार्ग पर माल वाहक भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है। उन्होंने दुमका से सिउड़ी के लिए एवं सिउड़ी से दुमका के लिए आने जाने वाले भारी वाहनों के रूट में बदलाव कर दिया है।





