संताल परगना दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोगों की राय
विशेष संवाददाता
दुमका । 30 जून 1855 के हुए ऐतिहासिक संताल हूल(क्रांति) के बाद अंग्रेजी हुकूमत ने बेहतर प्रशासनिक नियंत्रण के लिए 22 दिसंबर 1855 को संताल परगना जिला की स्थापना की थी जिसका जिला मुख्यालय दुमका को बनाया गया।आज संताल परगना एक प्रमंडल है और दुमका झारखंड राज्य की उपराजधानी।आज झारखंड की राजनीति में संताल परगना का दबदबा है।पर क्या विकास के मामले में संताल परगना को उसका वाजिब हक मिला।संताल परगना दिवस पर पेश है विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे प्रमुख लोगों की राय-

शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभी बहुत काम करने की है जरूरत: नलिन सोरेन
दुमका । दुमका के सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि अंग्रेजों के जमाने से संताल परगना क्षेत्र काफी पिछड़ा रहा है।अमर शहीद सिदो कान्हु मुर्मू के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक संताल हूल के बाद संताल परगना जिला की स्थापना हुई थी।1947 में आजादी के बाद भी देश के दूसरे हिस्सों के मुकाबले यह क्षेत्र उपेक्षित रहा।एक लंबे झारखंड आंदोलन के बाद अलग झारखंड राज्य बना।हाल के कुछ दशक में विकास के मामले संताल परगना का विकास जरूर हुआ है पर शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभी भी बहुत कुछ करने की जरूरत है।शिक्षा के क्षेत्र में स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी की स्थापना हुई है।स्वास्थ्य के क्षेत्र में देवघर में एम्स और दुमका में मेडिकल कॉलेज अस्पताल की स्थापना हुई है।पर आज भी गांवों में अस्पताल की कमी है।स्कूलों और कॉलेजों में शिक्षकों की कमी है।अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों की कमी है।हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में राज्य में नई सरकार बनी है जो विकास के प्रति संकल्पित है।हमें पूरी उम्मीद है कि आने वाले दिनों में संताल परगना का तेजी से विकास होगा।
—
छोटानागपुर की तुलना में बहुत पिछड़ा रह गया संताल परगना:डॉ. प्रमोदिनी हांसदा
दुमका । सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका की पूर्व कुलपति और वर्तमान में हिन्दी विद्यापीठ देवघर की कुलपति डॉ.प्रमोदिनी हांसदा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में संताल परगना अपने ही राज्य में छोटानागपुर की तुलना में काफी पिछड़ा रह गया है।संताल परगना दिवस पर आज मूल्यांकन करें तो हमलोग छोटानागपुर से बहुत पीछे हैं।उच्च पदों पर संताल परगना के बहुत कम लोग हैं।इस क्षेत्र से डॉक्टर, इंजीनियर,आईएस,आईपीएस अफसर,प्रोफेसर बहुत कम बन पाते हैं।यहां तक कि रेलवे और बैंक की नौकरियों में भी संताल परगना से कम ही लोग हैं।इसका मुख्य वजह शिक्षा और जागरूकता की कमी है। संताल परगना के युवा भी यह चाहते हैं कि वे अफसर बनें पर उन्हें वह सुविधा नहीं मिलती जो छोटानागपुर में है।आज पूरे संताल परगना में जितने अंगीभूत महाविद्यालय हैं,उससे अधिक कॉलेज सिर्फ रांची में है।तकनीकी शिक्षा की भी हालत लचर है।संताल परगना की इस स्थिति के लिए राजनीतिक इच्छा शक्ति में कमी भी एक बड़ा कारण है।किसी ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई।संताल परगना को विकसित करने के लिए हमें इच्छा शक्ति मजबूत करनी होगी।मन से हीन भावना को निकालना होगा।झारखंड को एक आदर्श राज्य बनाने की जरूरत है,जहां हर क्षेत्र का विकास समान रूप से हो।
–
संताल परगना को विकास के मुख्य धारा से जोड़ना जरूरी:निर्मला पुतुल
दुमका । संताली सहित्यकार और सामाजिक कार्यकर्ता निर्मला मुर्मू पुतुल का मानना है कि संताल परगना का जो विकास होना चाहिए था,वह नहीं हो सका है।1855 के संताल विद्रोह के बाद संताल परगना की स्थापना हुई थी।आदिवासियों के शोषण के विरोध में यह विद्रोह हुआ था।आजादी के बाद और यहां तक कि झारखंड अलग राज्य बनने के बाद भी संताल परगना को विकास की मुख्य धारा से नहीं जोड़ा जा सका है।इसके लिए हमारे समाज के अगुआ जिम्मेदार हैं जो उस तरह की रणनीति नहीं बना सके कि संताल परगना विकास के मुख्य धारा से जुड़ सके।संताल परगना दिवस पर हम सभी को मंथन करने की जरूरत है।हमारे युवाओं को आगे आना होगा।विकास के साथ ही यह जरूरी है कि हमारे कला-संस्कृति का संरक्षण हो।हमारे जो संसाधन है वह कैसे बचे।जल,जंगल और जमीन पर ही संताल परगना के आदिवासी समाज का अस्तित्व है।इसकी रक्षा करते हुए विकास की मुख्य धारा से जुड़ना होगा।
–
खिलाड़ियों को पहले की तुलना में सुविधाएं बढ़ी है:देवीधन टुडू
दुमका । नेशनल तीरंदाजी में गोल्ड मेडल जीत चुके देवीधन टुडू वर्तमान में राजकीय तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र दुमका में कोच हैं।देवीधन टुडू से प्रशिक्षित करीब 20 तीरंदाज नेशनल तीरंदाजी में भाग ले चुके हैं,जिनमें 11 ने पदक जीता है।संताल परगना दिवस पर देवीधन टुडू ने कहा कि एक समय था जब संताल परगना के गांवों में तीरंदाजी का अभ्यास कर हमलोग आगे बढे।तब खिलाड़ियों को किसी प्रकार की कोई सुविधा नहीं थी।पर खेल के क्षेत्र में अब खिलाड़ियों को सरकार के स्तर से कई तरह की सुविधाएं दी जा रही हैं।दुमका में वर्ष 2005 में राजकीय तीरंदाजी आवासीय प्रशिक्षण केंद्र खोला गया जहां भोजन,रहने और प्रशिक्षण की सारी व्यवस्था है।वहीं 2019 में एकलव्य तीरंदाजी प्रशिक्षण केन्द्र भी खोला गया है।इसका लाभ भी मिल रहा है।तीरंदाजी के क्षेत्र में संताल परगना के युवा तीरंदाज नेशनल में अपने राज्य के लिए गोल्ड मेडल तक जीत रहे हैं।संताल परगना के प्रशिक्षु तीरंदाजों को जो धनुष दिया जा रहा है,उसकी गुणवत्ता में सुधार की जरूरत है।





