हैदराबाद । आंध्र प्रदेश से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को एक पार्सल के द्वारा लाश मिली है। मामले की सूचना मितले ही पुलिस भी हरकत में आई और शव को ऑटोप्सी के लिए भेजा गया है। अब तक साफ नहीं हो सका है कि शव किसका है। महिला घर निर्माण में लगने वाली सामग्री का इंतजार कर रही थी। रिपोर्ट के अनुसार, घटना उंदी मंडल के येंडागांदी गांव की है। नाग तुलसी नाम की एक महिला ने घर बनाने में मदद के लिए क्षत्रिय सेवा समिति को पत्र लिखा था। इसके बाद महिला को समिति की तरफ से टाइल्स भेजे गए थे। इसके बाद जब महिला ने फिर मदद मांगी, तब समिति ने कथित तौर पर इलेक्ट्रॉनिक सामान उपलब्ध कराने का वादा किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, आवेदक को मैसेज मिला कि लाइट, पंखे और स्विच भेज दिए जाएंगे। इसके बाद गुरुवार देर रात एक शख्स उनके घर पहुंचा और पार्सल छोड़कर चला गया। साथ ही महिला को बताया कि पार्सल में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण हैं। बाद में जब तुलसी ने बॉक्स खोला, तब वह दंग रह गई। बॉक्स में एक शव मिला। इसके बाद हैरान परिवार ने पुलिस को तत्काल इसकी सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बाद में शव को ऑटोप्सी के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खबर है कि बॉक्स में एक लेटर भी मिला है, इसमें परिवार से 1.30 करोड़ रुपये की मांग की गई है। साथ ही कहा गया है कि रकम नहीं मिलने पर गंभीर परिणाम होगा। फिलहाल, पुलिस पार्सल पहुंचाने वाले की पहचान करने में जुटी है। साथ ही समिति के प्रतिनिधियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। कहा जा रहा है कि शव पुरुष का है, जिसकी उम्र करीब 45 साल रही होगी। मौत का समय 4-5 दिन पहले का बताया जा रहा है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


