मुंबई । गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा जा रही यात्रियों से खचाखच भरी एक बोट से नौसेना की एक नाव टकरा गई, जिससे बोट समंदर में करंजा के उरण में पलट गई। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 101 लोगों को बचा लिया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस और भारतीय नौसेना ने घटना और इसमें लोगों की मौत की पुष्टि की है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “मुंबई के पास बुचर द्वीप पर नौसेना की एक नाव दोपहर करीब 3.55 बजे नीलकमल यात्री जहाज से टकरा गई। शाम 7.30 बजे तक की जानकारी के अनुसार 101 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है और 13 लोगों की मौत हो गई है। 13 मृतकों में 10 नागरिक और 3 नौसेना के जवान हैं। दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें नौसेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 11 क्राफ्ट और 4 हेलीकॉप्टरों का उपयोग करते हुए नौसेना, तटरक्षक और पुलिस ने बचाव अभियान चलाया है। लापता लोगों के बारे में अंतिम जानकारी कल सुबह उपलब्ध होगी। शोक संतप्त परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। पूरी घटना की जांच पुलिस और नौसेना द्वारा की जाएगी।”






