●उच्च शिक्षा निदेशालय ने एसकेएमयू को भेजा पत्र-विश्वविद्यालय ने वेतन निर्धारण से संबंधित दस्तावेज नहीं भेजा
विशेष संवाददाता
दुमका । राजभवन ने झारखंड सरकार के उच्च शिक्षा निदेशालय को पत्र भेज कर यह निर्देश दिया है कि एसकेएमयू के शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का वेतन सातवां वेतनमान के आधार पर शीघ्र निर्धारण करे।यह जानकारी मंगलवार को कुलपति डॉ बिमल प्रसाद सिंह ने हड़ताली कर्मचारियों के साथ वार्ता के दौरान दी।
शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की 20 दिनों से चल रही हड़ताल एवं तालाबंदी की वजह से सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के पीजी विभागों और अंगीभूत कॉलेजों में पठन-पाठन ठप है।हड़ताली शिक्षकेत्तर कर्मचारी सातवें वेतनमान की मांग कर रहे हैं।विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि सातवें वेतनमान के आधार पर वेतन का निर्धारण झारखंड सरकार के उच्च शिक्षा निदेशालय से होना है।इसके लिए निदेशालय और राजभवन को पत्र भेजा गया है। इस बीच 14 दिसंबर को निदेशालय ने एक पत्र भेजा है जिसमें कहा गया है कि विश्वविद्यालय द्वारा वेतन निर्धारण से संबंधित कोई भी दस्तावेज निदेशालय को नहीं भेजा गया है।इस सम्बन्ध में कुलपति का कहना है कि विश्वविद्यालय ने अपना पक्ष निदेशालय को भेजा है।निदेशालय को भेजे पत्र में विश्वविद्यालय ने कहा है कि सातवें वेतनमान के तहत वेतन निर्धारण के दस्तावेज पहले ही भेजे जा चुके हैं।मंगलवार को हड़ताली कर्मचारियों के साथ विश्वविद्यालय पदाधिकारियों की हुई वार्ता के दौरान कुलपति डॉ बिमल प्रसाद सिंह ने कहा कि इस संबंध में एक नहीं बल्कि दो बार निदेशालय व राजभवन को पत्र भेजा गया है। राजभवन ने निदेशालय को यथाशीघ्र सातवें वेतनमान के अनुसार वेतन निर्धारण करने का निर्देश भी उच्च शिक्षा निदेशालय को दिया है।पर यह मामला अभी उच्च शिक्षा विभाग में लंबित है।दूसरी ओर हड़ताली शिक्षकेत्तर कर्मचारी इस बात पर अड़े हैं कि विश्वविद्यालय प्रशासन आंतरिक स्रोत से सातवां वेतन दे।
कुलपति से वार्ता के बाद एसकेएमयू के शिक्षकेत्तर कर्मचारी महासंघ ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि जब तक सातवां वेतनमान नहीं मिलेगा,हमलोग हड़ताल पर डटे रहेंगे।




