20 दिनों से चल रही शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त कराने के लिए विवि प्रशासन द्वारा कोई ठोस पहल नहीं किए जाने से बढ़ी छात्र-छात्राओं की नाराजगी
संवाददाता
दुमका। शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् नगर इकाई के छात्रों ने सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया।शिक्षकेतर कर्मचारियों की 20 दिनों से चल रही हड़ताल और विश्वविद्यालय और सभी अंगीभूत कॉलेजों में तालाबंदी के कारण पूरे विश्वविद्यालय में पठन-पाठन ठप है।हड़ताल समाप्त कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कोई ठोस पहल नहीं किए जाने से छात्र-छात्राओं के बीच भारी नाराजगी है।हड़ताल के कारण हजारों छात्र-छात्राओं को रोज परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।विश्वविद्यालय मुख्यालय के मेन गेट पर प्रभारी कुलपति के पुतला दहन के बाद पत्रकारों से बातचीत में अभाविप के क्षेत्रीय जनजातीय कार्य प्रमुख मनोज सोरेन ने कहा कि पिछले 20 दिनों से विश्वविद्यालय और महाविद्यालय कैंपस बंद है लेकिन यहां के कुलपति कान में तेल डालकर सोए हुए हैं।हड़ताल समाप्त कराने की वे कोई पहल नहीं कर रहे हैं। छात्रों का भविष्य चौपट हो रहा है।मौके पर विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दुबे, नगर मंत्री अभिषेक गुप्ता, कॉलेज अध्यक्ष अमन कुमार, अभिषेक पाल, मनीष मंडल, सनत पंडित,प्रशांत रक्षित, आयुष सिंहा, प्रिंस कुमार सहित अभाविप के कई छात्र नेता मौजूद थे।
–

वीसी को संताल परगना के छात्रों के दर्द और भविष्य की नहीं है चिंता:मनोज सोरेन
अभाविप के छात्र नेता मनोज सोरेन ने कहा कि संथाल परगना के छात्र-छात्राओं के दर्द एवं उनकी भविष्य की चिंता प्रभारी कुलपति को नहीं है।इस विश्वविद्यालय में आए दिन छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।श्री सोरेन ने कहा कि जल्द से जल्द विश्वविद्यालय और महाविद्यालय कैंपस को खोला जाए और सुचारू रूप से नियमित क्लास हो।हमारी मांगो को पूरा नहीं किया गया तो अभाविप पूरे संथाल परगना के विद्यार्थियों को लेकर कुलपति के विरोध में कई आंदोलनात्मक कार्यक्रम करेगी।
—
वीसी का तानाशाही रवैया संताल परगना के छात्र-छात्राओं के हितों विरुद्ध:अभिषेक गुप्ता
मौके पर अभाविप के नगर मंत्री अभिषेक गुप्ता ने कहा कि पिछले 20 दिनों से विश्वविद्यालय और महाविद्यालय कैंपस बंद है लेकिन कुलपति को कोई चिंता नहीं है। यहां गरीब बच्चा शिक्षा के लिए सड़क पर बैठेंगे।यह किस प्रकार का तानाशाही रवैया है।यह तानाशाही रवैया संताल परगना छात्र-छात्राओं के हितों विरुद्ध है।यह कुलपति संताल परगना के योग्य नहीं है।





