वर्ष 2019 के बाद से राज्य में दिखा परिवर्तन : मुख्यमंत्री
रांची । छठी झारखंड विधानसभा के प्रथम सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इससे पूर्व जितने भी अभिभाषण हुए, उनमें यह सबसे छोटा और अधिक दूरदर्शिता के साथ दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य आंदोलन की उपज है। खून से सींचा गया राज्य है। यहां के लोग स्वाभिमानी हैं। जो ठान लेते हैं, वो तब तक नहीं रुकते, जब तक मंजिल न मिल जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 के बाद से परिवर्तन दिखा है। चाहे आधारभूत संरचना हो, पर्यटन हो या रोजगार सृजन हो। झारखंड देश का पहला राज्य है जहां श्रमिकों के लिए बेहतर कानून बनाया गया है। उन्होंने भाजपा विधायक सीपी सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि वे बुर्जुग हो गए हैं। शहर को नया आयाम देने का काम किया गया है। रांची का चहुंमुखी विकास हुआ है। हर दिन एक नया अध्याय इस राज्य में जुड़ेगा। ये सरकार प्रोजेक्ट भवन से नहीं बल्कि गांव से चलने वाली सरकार है। गांव की अर्थव्यस्था नहीं बढ़ेगी तो राज्य के सर्वांगीण विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। पूर्व में भी काम किया है आगे भी काम करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के बड़े-बड़े उद्योग, बोकारो, एचईसी, सिंदरी खाद कारखाना लगे। यह उस समय की बात है, जब देश को टाटा-बिड़ला के नाम से जाना जाता था। इसके बावजूद लोग भूमिहीन, बेरोजगार और विस्थापित होने लगे। हमें गर्व है, उन महापुरूषों पर जिन्होंने अपना लक्ष्य साधे रखा। लंबी लड़ाई लड़ी। 2000 में नया राज्य बना। यह सही है कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने नए राज्य पर मुहर लगाई लेकिन अलग राज्य की लड़ाई में दस महीने नहीं, वर्षों बरस लग गए। इस पीड़ा को हम लोगों से अधिक कोई नहीं समझ सकता। 2019 तक इस राज्य को दलदल में धकेलने का ऐसा प्रयास किया गया कि दोबारा उबर नहीं सके। 2019 में गठबंधन की सरकार बनी। इसके बाद भी सत्ता से बेदखल करने के कई हथकंडे अपनाए गए। आज दोबारा सरकार को इस मुकाम में पहुंचाने में जनता की भूमिका है।
———————————————————————————-
जयराम महतो ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना
रांची। जेएलकेएम के डुमरी विधायक जयराम महतो ने अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान प्रदेश की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व में जो बजट की राशि निर्धारित की जाती है, वह खर्च नहीं हो पाती है। ऐसे में फिर अनुपूरक बजट का क्या मतलब है।
जयराम महतो ने कहा कि पक्ष-विपक्ष ने बजट पर दिशाहीन मुद्दों पर चर्चा की। मैं ऐसी उम्मीद नहीं कर रहा था। डुमरी विधायक ने कहा कि सरकार 18 से 25 साल की उम्र की लड़कियों को 2500 रुपये प्रति माह देकर उन्हें आलसी बना रही है। यही राशि अगर सरकार उन्हें स्कॉलरशिप के रूप में देगी, तो उनका वास्तव में भला होगा। वे उन पैसों का इस्तेमाल सही रास्ते में करेंगी।
इसके साथ ही जयराम ने कहा कि सदन में जितने भी माननीय हैं, उनके बच्चे कहां पढ़ते हैं इस बात की जांच होनी चाहिए। साथ ही इन्हें अपने टीए, डीए भत्ता और बस, ट्रेन एंव अन्य मिलने वाली सुविधाओं का भी त्याग करना चाहिए। इस दौरान जयराम महतो ने जेपीएएसी-सीजीएल मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि सीजीएल मुद्दे पर सांच को आंच कैसा। सीजीएल में जांच करवाने में क्या जाता है। छात्र गड़बड़ी का प्रमाण दे रहे हैं। बावजूद इसके आयोग इसे गंभीरता से क्यों नहीं ले रहा है। जयराम ने आगे कहा कि छात्र के बीच पहाड़ आए, दरिया आए या कुछ भी आए, वो टकराएंगे और अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
उन्होंने कहा कि बलिदानियों का सम्मान होना चाहिए। आंदोलनकारी परिवारों को पांच फीसदी आरक्षण मिलना चाहिए। उद्योगों को दी गई खाली जमीन को वापस लिया जाना चाहिए।
———————————————————————————-
भाजपा अंकगणित में पीछे रही पर वोट में आगे रही : बाबूलाल मरांडी
रांची । छठी विधानसभा के प्रथम सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को सदन में भाजपा विधायक बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विधानसभा
चुनाव में भाजपा अंकगणित में पीछे रही पर वोट में आगे रही। भाजपा को 37.37 प्रतिशत वोट मिले, जबकि कांग्रेस को 15.56 प्रतिशत ही वोट मिले। सत्ता पक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे जिन मुख्यमंत्रियों का नाम ले रहे हैं, उनका खौफ आज भी सत्ता पक्ष में दिखाई दे रहा है। उन्होंने चाईबासा के गुदरी का जिक्र करते हुए कहा कि आज लोग वहां जाने से कतरा रहे हैं। पुलिस कोई काम की नहीं है। वहां जाकर देखना चाहिए।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि डेमोग्राफी का बदलना चिंता की बात है। संताल परगना सबसे ज्यादा प्रभावित है। झारखंड में एनआरसी करा दें तो पता चल जाएगा कि कौन कहां से आया है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण में बहाली की चर्चा की गई है, लेकिन सीजीएल रिजल्ट का विरोध हो रहा है। इसकी सीबीआई से जांच कराएं, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। भाजपा विधायक ने आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड की बुनियाद को बर्बाद किया जा रहा है। धान खरीद और मंईयां योजना की चर्चा हो रही है लेकिन रांची डीसी ने सभी बीडीओ को पत्र जारी कर कहा है कि अयोग्य की पहचान कर पैसा वसूली की जाए। सरकार बालू की नीलामी नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि बालू घाटों की नीलामी नहीं होने तक गृह निर्माण के लिए बालू फ्री किया जाए। बालू घाट लूटा जा रहा है। अबुआ आवास और प्रधानमंत्री आवास के लिए बालू नहीं मिल रहा है।
———————————————————————————-
विधायक शशि भूषण मेहता सदन के बाहर बालू के मुद्दे पर धरने पर बैठे
रांची । पांकी विधायक शशि भूषण मेहता बालू की कमी के कारण पीएम आवास और अबुआ आवास का निर्माण कार्य ठप होने के मुद्दे को लेकर गुरुवार को सदन के बाहर धरने पर बैठ गये। मौके पर पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि सरकार इसे गंभीरता से लेते हुए बालू मुफ्त उपलब्ध कराये, जिससे कि पीएम आवास अबुआ आवास का निर्माण हो सके। उल्लेखनीय है कि सदन शुरू होने से पहले बाहर में विपक्षी विधायकों ने कहा कि वे बालू का मुद्दा सदन के अंदर उठायेंगे।
———————————————————————————-
अनुपूरक बजट में चुनावी वादों का जिक्र नहीं दिखा : पूर्णिमा दास
रांची । भाजपा विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि चुनाव के दौरान जो लोगों से वादे किए गए थे, इसका अनुपूरक बजट में जिक्र नहीं
दिखा। 450 रुपये में गैस सिलेंडर देने का जिक्र बजट में नहीं दिखा। सदन के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्णिमा दास साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह करते हुए कहा कि जल्द सभी योजनाओं को धरातल पर रखें। उन्होंने कहा कि सभी महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना देने की बात कही गई थी, लेकिन सरकार बनते ही चुनावी वादों से मुकर जाते हैं।
—————————————————–
राज्यपाल का अभिभाषण कई मायनों में महत्वपूर्णः स्टीफन मरांडी
रांची । झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के समर्थन में
झामुमो विधायक स्टीफन मरांडी ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण कई मायनों में महत्वपूर्ण है जो यहां की योजनाओं को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार को प्रचंड बहुमत मिला है। जिम्मेदारी बढ़ी है। झारखंड की अस्मिता की रक्षा का दायित्व भी है। राज्य के सर्वांगिण विकास की बात अभिभाषण में है। स्थानीय भाषा को स्वीकृत और शिक्षकों की नियुक्ति की बात कही गई है। महिला सशक्तिकरण पर फोकस किया गया है। मंईयां सम्मान योजना से आर्थिक मदद मिल रही है। अंबेडकर लाइब्रेरी की बात कही गई है। स्थानीय नीति बनाकर रोजगार देने की बात कही गई है। झारखंड ने खेल में पहचान बनाई है। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना की बात कही गई है। क्षेत्रीय भाषा को सुदृढ़ करने के साथ मदरसा बोर्ड बनाने की बनाने की बात कही गई है।
——————————————————-
सरकार ने मजबूत इच्छाशक्ति को प्रकट किया हैः प्रदीप यादव
रांची । झारखंड विधानसभा सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता
जाहिर की। उन्होंने कहा अभिभाषण में सरकार की सोच और संकल्पों को प्रदर्शित किया गया है। सरकार के कमिटमेंट को दर्शाता है। सरकार ने यह कहने का प्रयास किया है कि हम गरीबों के लिए हैं। सरकार ने समझा है कि नर की सेवा ही नारायण की सेवा है। सबको साथ लेकर चलने का संकल्प है। सरकार सबका साथ सबका विकास करना चाहती है। प्रदीप यादव ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे घटकर 24 पर चले गए। हमारे संकल्पों पर जनता ने मुहर लगायी है। जुमलों पर जनता ने विश्वास नहीं दिखाया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि दंगा-फसाद कराने का प्रयास किया गया। घुसपैठ को देखने की जिम्मेदारी केन्द्रीय गृह मंत्री की है। ये घुसपैठ के नाम पर दंगा कराना चाहते हैं। प्रदीप यादव ने जाति जणगणना की वकालत की।
———————————————————————————-
विधानसभा : कल्पना सोरेन बोलीं- झारखंड को समर्पित है अबुआ सरकार
रांची । झारखंड विधानसभा सत्र के अंतिम दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के समर्थन में बोलते हुए झामुमो विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि यह अपनों की सरकार है। अबुआ सरकार झारखंड

को समर्पित है। अभिभाषण में इच्छाशक्ति है, जो खुशहाली
देने वाली है। उन्होंने कहा कि एक-एक शब्द को धरातल पर उतारेंगे। जनादेश महागठबंधन को मिला है। क्रांतिकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा। केंद्र की योजनाओं में राज्य के गरीब-गुरबों की चिंता नहीं है। किसानों का ऋण माफ किया गया है। झारखंड में झामुमो की अपनी पहचान रही है। ये राज्य झामुमो की उपज है। यह जनादेश आदिवासी-मूलवासियों ने दिया।
विधानसभा सत्र के अंतिम दिन वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने जिला खनिज फाउंडेशन के वित्तीय वर्ष 2020-21 और 2021-22 का वार्षिक प्रतिवेदन सदन में रखा। भाजपा विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि प्रदेश में क्राइम काफी तेजी से बढ़ रहा है। झारखंड की बेटी, बहु और व्यापारी कैसे सुरक्षित रहे इस पर कोई नहीं बोल रहा है। भाजपा विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने कहा कि पलामू में 45 से 50 रुपये बोरा बालू मिल रहा है। बालू की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। आजसू विधायक निर्मल महतो ने मांडू को अनुमंडल बनाने और ढ़ाढ़ी प्रखंड को रामगढ़ में शामिल करने की मांग की।
हेमलाल मुर्मू की जबान फिसली, नीरा यादव मांफी मांगने की मांग पर अड़ी
राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के समर्थन में बोलते हुए झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू की जबान फिसल गई।उनके मुहं से कुछ आपत्तिजनक शब्द निकले, जिस पर भाजपा विधायक डॉ नीरा यादव ने कड़ी आपत्ति जताई। नीरा यादव ने कहा कि सदन में 12 महिला सदस्य हैं। सभी स्वाभिमान के साथ जीना चाहते हैं। इसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा। हेमलाल मुर्मू इस पर माफी मांगे। स्पीकर ने कहा कि कभी-कभी बोलते समय स्लीप ऑफ टंग हो जाता है। बाबूलाल ने कहा कि कोई भी सदस्य अपशब्द का प्रयोग न करें, इसका ख्याल रखना पड़ेगा।
झामुमो के मुख्य सचेतक बने मथुरा प्रसाद महतो
झामुमो विधायक मथुरा प्रसाद महतो को झामुमो का मुख्य सचेतक बनाया गया है। गुरुवार को सदन में इसकी घोषणा की गई।
———————————————————————————-





