मधुपुर संताल एक्सप्रेस:- विश्वविद्यालय और महाविद्यालय शिक्षकेत्तर कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर मधुपुर महाविद्यालय के शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने शनिवार को मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी। इस तालाबंदी के चलते प्राचार्य, शिक्षक, और अनुबंध कर्मचारी गेट के बाहर खड़े रहने को मजबूर हो गए। कर्मचारियों की यह अनिश्चितकालीन हड़ताल एक सप्ताह से जारी है, जिसमें उनकी प्रमुख मांगें हैं—सातवां वेतनमान लागू करना, एसीपी और एमएसीपी का लाभ प्रदान करना। कर्मचारी संघ का कहना है कि वर्षों से आंदोलन चल रहा है, लेकिन उनकी मांगें अब तक अनसुनी हैं। इस बार पूरे राज्य में शिक्षकेत्तर कर्मचारी एकजुट होकर हड़ताल कर रहे हैं। विगत सप्ताह परीक्षाओं के कारण केवल कार्यालय कक्ष में तालाबंदी की गई थी ताकि परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हो। लेकिन शनिवार को परीक्षा समाप्त होते ही कर्मचारियों ने महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी।कर्मचारी संघ ने साफ कहा, “जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक महाविद्यालय का सारा कामकाज ठप रहेगा।” तालाबंदी के कारण कई समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं। 11वीं के छात्र-छात्राओं का रजिस्ट्रेशन रुक गया है। 12वीं के परीक्षा प्रपत्र भरने का कार्य भी ठप हो गया है। छात्रवृत्ति हेतु बोनाफाइड प्रमाण पत्र जारी करने का कार्य भी बंद हो गया है। हालांकि, पठन-पाठन बाधित न हो, इसे लेकर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रत्नाकर भारती ने शिक्षकों को “ऑनलाइन कक्षा लेने” का निर्देश दिया है। इससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसकी हर संभव कोशिश की जा रही है। कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।




