अंबाला । हरियाणा-पंजाब सीमा पर शंभू बॉर्डर बंद होने कारण रोजाना सैकड़ों वाहन जाम में फंस रहे हैं। तीन-तीन किलोमीटर का जाम लग रहा है। बॉर्डर बंद होने से अंबाला शहर का कपड़ा उद्योग बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा अन्य कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। सबसे अहम बात यह है कि शंभू बॉर्डर के दोनों ओर, हरियाणा व पंजाब, कारोबार ठप होता जा रहा है। यहां से रोजाना करीब 60 हजार वाहन निकलते हैं, जिनको लंबे रूट से जाना पड़ रहा है। इसके लिए डीजल और पेट्रोल की खपत भी बढ़ गई है। नेशनल हाईवे का टोल प्लाजा भी बंद पड़ा हे, जिसके चलते करोड़ों का नुकसान हो चुका है। जो फोर्स हरियाणा सीमा पर तैनात है, उसका भी खर्चा हो रहा है।
रोजाना कच्चे रास्तों से लोग आवाजाही करने को मजबूर हैं।पिछले दस माह रोजाना वाहन चालकों को परेशानियां का सामना करना पड़ रहा है। दो पहिया से लेकर चौपहिया वाहन रोजाना जाम में फंस रहे हैं। इतना ही नही अंबाला शहर में कारोबार तक बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है।आखिरकार यह समस्या का समाधान कब होगा, किसी को कुछ पता। हरियाणा सीमा पर पुलिस और फोर्स डटी है तो पंजाब सीमा में किसान बैठे हैं। चार दिनों में दो बार किसान दिल्ली कूच का ऐलान कर आगे बढ़े लेकिन हरियाणा पुलिस ने रोक दिया। पुलिस का तर्क है कि बिना अनुमति आगे नहीं जाने दिया जाएगा। दोनों दिन बॉर्डर पर तनावपूर्ण हालात रहे। किसानों ने बेरिकेड्स और कंटीली तारें उखाड़ कर फेंक दी तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले गिराए। 13 फरवरी 2024 से बॉर्डर बंद है जिसके खुलने का हर वर्ग इंतजार कर रहा है। लेकिन अभी भी स्थिति जस की तस है।
शंभू बॉर्डर सील होने के कारण वाहनों आवाजाही पूरी तरह से बंद है। वाहन चालकों के लिए बॉर्डर बंद होना आफत बन चुका है। दूसरे रास्तों से आवाजाही तो हुई लेकिन इन रास्तों पर जाम भी झेलना पड़ रहा है। पंजाब से अंबाला सटा होने के कारण अंबाला शहर में खरीददारी करने आते हैं।
सोना, कपड़ा की खरीददारी काफी बड़े पैमाने पर होती है। इतना ही नहीं हाईवे पर (बैरियर के आसपास) जो ढाबे, पेट्रोल पंप, शराब ठेकों पर भी इसका असर पड़ा है। आवाजाही बंद होने के कारण यह सब लगभग ठप पड़ा है। दूसरी ओर कानून व्यवस्था न बिगड़ जाए इसलिए हरियाणा सरकार ने केंद्र से आग्रह कर कंपनियां मंगवाई थीं। कंपनियां बार्डर पर डटी हैं। इसके अलावा हरियाणा पुलिस के भी जवान फोर्स के साथ तैनात हैं। सभी कर्मचारियों को सिर्फ बॉर्डर पर पहरेदारी का वेतन और टीए/डीए देना मजबूरी बना हुआ है। फोर्स के खानपान और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी इंतजाम करने पड़ रहे हैं।






