नई दिल्ली । महाकुंभ की तैयारियों के लिए 2 वर्षों में 5000 करोड़ से अधिक खर्च करने वाले रेल मंत्रालय ने महाकुंभ के भक्तों के लिए 13 हजार से अधिक ट्रेने चलाने का निर्णय लिया है। रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रयागराज क्षेत्र में महाकुम्भ-2025 के लिए की जा रही तयारियों का रविवार को अवलोकन किया। केंद्रीय रेल मंत्री ने प्रयागराज में सबसे पहले झूंसी रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों एवं महाकुंभ -2025 की तैयारियों का निरीक्षण किया। तत्पश्चात झूंसी स्टेशन के निकट गंगा नदी पर प्रयागराज -वाराणसी रेल मार्ग दोहरीकरण कार्य के अंतर्गत बने नए ब्रिज संख्या -111 का निरीक्षण किया। केंद्रीय रेल मंत्री ने निरीक्षण के अगले क्रम में पुनर्विकास योजना के अंतर्गत फाफामऊ स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यो का जायजा लिया ओर संबधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। इसी क्रम में उन्होंने प्रयाग जंक्शन स्टेशन का भी निरीक्षण किया।






