रांची । मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को स्मार्ट सिटी, रांची में राज्य सरकार के मंत्रियों के लिए बने नवनिर्मित आवास सहित पूरे आवासीय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित आवास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर कई दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवनिर्मित आवास और पूरे आवासीय परिसर के सभी कार्य 15 जनवरी, 2025 तक पूर्ण कर लिए जाएं ताकि मंत्रियों को आवास आवंटित की जा सके। मुख्यमंत्री ने आवासीय परिसर में बने क्लब हाउस, बैडमिंटन कोर्ट तथा पुलिस बैरेक इत्यादि का निरीक्षण कर सभी सुविधाओं से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आवासीय परिसर में बच्चों के खेलने की व्यवस्था और झूला इत्यादि लगाने के भी निर्देश दिए।
इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव नगर विकास विभाग सुनील कुमार, सचिव भवन निर्माण विभाग अरवा राजकमल, सीईओ स्मार्ट सिटी अमित कुमार और जीएम स्मार्ट सिटी राकेश नंदकुलियार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

चेशायर होम रोड जमीन के मामले में पूर्व डीसी छवि रंजन की डिस्चार्ज पिटीशन पर सुनवाई पूरी
रांची। चेशायर होम रोड की जमीन की गैरकानूनी तरीके से खरीद-बिक्री के मामले में आरोपित रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन की डिस्चार्ज पिटीशन पर सोमवार को पीएमएलए के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत में सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की ओर से सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने डिस्चार्ज पिटीशन पर फैसला सुनाने के लिए 12 दिसंबर की तिथि निर्धारित की है।
रांची के बड़गाईं अंचल के चेशायर होम रोड की जमीन की अवैध तरीके से खरीद-बिक्री से जुड़े इस केस में ईडी ने रांची के पूर्व डीसी आईएएस छवि रंजन, बड़गाईं अंचल के राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद, सेना के कब्जे वाली जमीन का फर्जी रैयत प्रदीप बागची, जमीन कारोबारी अफसर अली, इम्तियाज खान, तल्हा खान, फैयाज खान व मोहम्मद सद्दाम, अमित अग्रवाल और दिलीप घोष को गिरफ्तार किया था। सभी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल भी हो चुकी है।





