राजद ने कहा, विपक्षी गठबंधन के असली आर्किटेक्ट लालू
नई दिल्ली । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विपक्षी गठबंधन इंडिया की कमान संभालने के बयान ने विपक्षी दलों की बैचेनी बढ़ दी है। खासकर ममता के बयान के बाद कांग्रेस कुछ ज्यादा ही बैचेन दिख रही है। दरअसल ममता ने हाल ही में हुए चुनावों में गठबंधन के प्रदर्शन पर निराशा जताकर कहा कि वे इस गठबंधन की कमान संभालने के लिए तैयार हैं। वहीं ममता के बयान पर कांग्रेस और लेफ्ट नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि ममता को ऐसा लगता है, लेकिन कांग्रेस इस पर विचार करेगी और जो फैसला होगा, वह पार्टी के अंदर चर्चा के बाद लिया जाएगा। लेफ्ट नेता डी राजा ने कांग्रेस पर तंज कंसते हुए कहा कि कांग्रेस को आत्मचिंतन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा और महाराष्ट्र में गठबंधन सहयोगियों को समायोजित करने में विफलता दिखाई, जिससे परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं आए। वहीं इंडिया गठबंधन की प्रमुख पार्टी समाजवादी पार्टी (सपा) ने ममता का समर्थन किया है। सपा प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने कहा कि ममता के बयान पर विचार होगा और उनका सहयोग लिया जाएगा, इससे इंडिया गठबंधन मजबूत होगा। उन्होंने ममता के बंगाल में भाजपा को रोकने के प्रयासों को सरहाकर कहा कि उनका समर्थन पार्टी को हमेशा मिलता रहेगा। वहीं मौके देखकर राजद (आरजेडी) ने ममता के बयान पर पलटवार कर कहा कि विपक्षी गठबंधन के असली आर्किटेक्ट लालू प्रसाद यादव हैं। आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बिहार में गठबंधन की मजबूती और आगामी चुनावों में भाजपा के खिलाफ रणनीति बनाने के लिए सभी एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि ममता पश्चिम बंगाल में भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ रही हैं। वहीं इंडिया गठबंधन में लीडर को लेकर मची सियासी रार पर जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने ममता के बयान को इंडिया गठबंधन के अंदरूनी मामले के रूप में देखा, जबकि भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने गठबंधन की आंतरिक राजनीति और महत्वाकांक्षाओं का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि गठबंधन के नेता खुद को मुखिया बनाने के इच्छुक हैं, लेकिन असल में वे सत्ता में आने की स्थिति में नहीं हैं।






