मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले का मामला
छतरपुर । छतरपुर जिले में स्कूल से डरा देने वाला मामला सामने आया है। धमोरा में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के 12वीं के नाबालिग छात्र ने स्कूल के ही प्रिंसिपल की गोली से मारकर हत्या कर दी। आरोपी सदम यादव एवं उसके साथी छात्र मनीष यादव ने बाथरूम में जाकर प्रिंसिपल एस.के सक्सेना की गोली मार दी। वारदात के बाद से स्कूल में सन्नाटा पसर गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज आया हैं, जिसमें छात्र हत्या को अंजाम देने के बाद बाहर निकलते दिख रहे हैं। इधर पुलिस ने मुख्य नाबालिग आरोपी सदम को यूपी के महोबा जिले से गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रिंसिपल सक्सेना ने 12वीं क्लास के छात्र सदम को हिदायत देकर समझाया था कि बेटा सुधर जाओ… बिगड़ो मत…. बस इतनी सी बात को लेकर सदम को गुस्सा आया और उसने अपने प्रिंसिपल के ऊपर कट्टा तान दिया। नाबलिग आरोपी ने स्कूल के बाथरूम में पहुंचकर सक्सेना के सिर में गोली मार दी। यहां उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन कर सीसीटीवी कैमरे के फुटेज निकलवाए। इसमें आरोपी साफ दिखाई पड़ रहे है। इसके अलावा मालूम हुआ कि वारदात के पहले छात्र ने प्रिंसिपल के चेंबर में पहुंचकर उनके हेलमेट और लंच बॉक्स के साथ चेयर को फेंक दिया था।
बता दें कि बीते दिनों गोरखपुर से ऐसा ही मामला सामने आया था जहां स्कूल के टीचर को एक छात्र को डांटने का खामियाजा भुगतना पड़ा था। यहां मोबाइल फोन चलाने से मना करने पर छात्र ने शिक्षक पर हमला कर दिया था। दरअसल, टीचर ने नौवीं कक्षा के छात्र को क्लास में मोबाइल चलाने के लिए डांट दिया था। उसके बाद आरोपी छात्र ने अपने दो नकाबपोश साथियों के साथ टीचर पर हमला बोलकर बर्बरतापूर्वक उसकी पिटाई कर दी।






